यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा का सीटों वाला मास्टरप्लान तैयार, जानिए कांग्रेस के लिए रखी गई कितनी सीटें

UP Politics: समाजवादी पार्टी ने 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे का एक संभावित फॉर्मूला तैयार कर लिया है. इस फॉर्मूले के तहत पार्टी 328 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही है, जबकि कांग्रेस के लिए 75 सीटों का प्रस्ताव रखा गया है. हालांकि, कांग्रेस 200 सीटों की मांग कर रही है, जिससे सीटों के बंटवारे में पेंच फंस गया है.

UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर INDIA गठबंधन में सीट शेयरिंग की चर्चा तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने अपनी ओर से सीटों का एक संभावित फॉर्मूला तैयार कर लिया है. चर्चा है कि सपा 403 विधानसभा सीटों में से 328 सीटों पर अपने चुनाव चिह्न साइकिल के साथ उम्मीदवार उतारने की योजना बना रही है. वहीं, कांग्रेस के लिए 75 सीटें छोड़े जाने का प्रस्ताव रखा जा सकता है. हालांकि, सीट शेयरिंग पर अभी दोनों दलों के बीच अंतिम सहमति नहीं बनी है.

328 सीटों पर सपा, कांग्रेस के लिए 75 सीटों का फॉर्मूला

बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने मजबूत राजनीतिक आधार वाली सीटों पर सीधे चुनाव लड़ने की तैयारी में है. इसी रणनीति के तहत पार्टी ने 328 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का गणित तैयार किया है. वहीं कांग्रेस को करीब 75 सीटें देने की बात सामने आई है. सपा का यह फॉर्मूला गठबंधन में उसकी बड़ी भूमिका को दर्शाता है, लेकिन कांग्रेस इस प्रस्ताव को स्वीकार करेगी या नहीं, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है.

कांग्रेस की 200 सीटों की मांग से बढ़ी मुश्किल

सीट शेयरिंग की बातचीत में सबसे बड़ा पेंच कांग्रेस की मांग को लेकर बताया जा रहा है. खबरों के अनुसार, कांग्रेस उत्तर प्रदेश में करीब 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जता रही है. ऐसे में सपा के प्रस्तावित 75 सीटों और कांग्रेस की 200 सीटों की मांग के बीच बड़ा अंतर है. दोनों दलों के नेताओं को इस अंतर को कम करने के लिए कई दौर की बातचीत करनी पड़ सकती है. सीटों का अंतिम बंटवारा चुनावी समीकरणों और स्थानीय राजनीतिक स्थिति को ध्यान में रखकर तय होगा.

कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतर सकते हैं सपा के नेता

सपा के प्रस्तावित सीट शेयरिंग फॉर्मूले में एक दिलचस्प रणनीति की भी चर्चा है. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के हिस्से में आने वाली कुछ सीटों पर समाजवादी पार्टी से जुड़े नेताओं को कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतारा जा सकता है. इस तरह दोनों दल स्थानीय स्तर पर मजबूत उम्मीदवारों का इस्तेमाल कर गठबंधन की चुनावी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर सकते हैं. हालांकि, इस रणनीति पर भी अंतिम फैसला दोनों पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद ही होगा.

अब कांग्रेस के फैसले पर टिकी नजर

समाजवादी पार्टी के संभावित सीट शेयरिंग फॉर्मूले के सामने आने के बाद अब सबकी नजर कांग्रेस के अगले कदम पर है. सपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी 75 से ज्यादा सीटें देने के पक्ष में नहीं है, जबकि कांग्रेस अधिक सीटों की मांग कर रही है. ऐसे में यूपी चुनाव 2027 से पहले सीट शेयरिंग का मुद्दा INDIA गठबंधन के लिए बड़ी राजनीतिक परीक्षा बन सकता है. अब देखना होगा कि कांग्रेस 75 सीटों के प्रस्ताव से संतुष्ट होती है या सीटों के नए गणित पर बातचीत आगे बढ़ती है.

यह भी देखें: यूपी में आबादी के हिसाब से सबको देंगे हक और सम्मान, अखिलेश यादव बोले- सत्ता में आते हीं कराएंगे 3 महीने में जातीय गणना

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नटवर कुमार

नटवर कुमार पत्रकारिता के क्षेत्र में दो वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार हैं.वे ग्राउंड रिपोर्टिंग और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर करते हैं. राजनीतिक घटनाक्रम, स्थानीय समस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, अपराध, सामाजिक मुद्दों और आम लोगों से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष रुचि है. उनका प्रयास खबरों को तथ्यात्मक, स्पष्ट और पाठकों के लिए उपयोगी तरीके से प्रस्तुत करना रहता है.नटवर कुमार ने इतिहास में मास्टर ऑफ आर्ट्स (M.A. History) और मास्टर इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पटना से की है. इतिहास और पत्रकारिता में उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि उन्हें घटनाओं को व्यापक संदर्भ में समझने और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने में मदद करती है.इस दौरान उन्होंने दूरदर्शन पटना में भी समय दिया है. नटवर कुमार मूल रूप से बिहार के दिनकर की भूमि बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >