UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बसपा सुप्रीमो मायावती एक्शन मोड में नजर आ रही हैं. पार्टी में अनुशासन को लेकर सख्ती बढ़ाते हुए मायावती ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को बसपा से बाहर कर दिया है. मायावती ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अंटू मिश्रा के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित करने का फैसला लिया गया.
मायावती ने ट्वीट कर दी जानकारी
मायावती ने अपने बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा सरकार के दौरान स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निष्कासित किया गया है. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनावी माहौल के बीच पूरी सतर्कता बरतने की अपील भी की. मायावती ने कहा कि संगठन के सभी स्तरों पर जुड़े लोगों को विरोधियों के कथित राजनीतिक हथकंडों से सावधान रहना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ पार्टी मिशन में जुटने को कहा.
चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने पर जोर
बसपा प्रमुख ने अपने संदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को स्पष्ट दिशा देने की कोशिश की है. उन्होंने पार्टी के अंबेडकरवादी मिशन को चुनाव में सफल बनाने के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत लगाने की अपील की. मायावती का यह कदम ऐसे समय सामने आया है, जब उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं. पार्टी लगातार उम्मीदवारों के चयन और संगठनात्मक स्तर पर तैयारियों को लेकर सक्रिय दिखाई दे रही है.
लगातार कार्रवाई से सियासी हलचल तेज
अंटू मिश्रा को पार्टी से बाहर किए जाने से पहले मायावती अपने भतीजे आकाश आनंद के ससुर को भी बसपा से निष्कासित कर चुकी हैं. लगातार हो रही संगठनात्मक कार्रवाइयों को चुनावी तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, अंटू मिश्रा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर क्या पक्ष रखा है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. मायावती ने अपने संदेश में कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने और चुनाव में बसपा के मिशन को आगे बढ़ाने पर जोर दिया है.
यह भी देखें: योगी सरकार ने खोली आजम खान और अतीक की 20 साल पुरानी फाइल , 2006 में पार्क पर कब्जे का आरोप
