UP Crime News: लखनऊ के इंदिरा नगर थाना क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने एक व्यापारी के घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया. विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी, उनकी पत्नी और बेटी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
लॉकर तोड़ने की आवाज से खुली नींद
इंदिरा नगर के अमराई गांव निवासी उमेश चंद्र (55) घर में ही परचून की दुकान चलाते हैं. शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे. इसी दौरान घर के अंदर छिपे बदमाशों ने लॉकर तोड़ना शुरू कर दिया. आवाज सुनकर उमेश की बेटी सीमा की नींद खुल गई और वह कमरे से बाहर आई. बदमाशों ने सीमा के बाहर आते ही उस पर हमला कर दिया. बेटी की चीख सुनकर उमेश चंद्र वहां पहुंचे तो बदमाशों ने पीछे से उनके सिर पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए. हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. पत्नी शांति देवी ने शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन पर भी हमला कर दिया.
महिला ने होश आने पर बुलाया मदद
हमले के करीब 10 मिनट बाद शांति देवी को होश आया. उन्होंने किसी तरह घर से बाहर निकलकर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने रहीम नगर में रहने वाले उमेश के बेटे दीपक गुप्ता और पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस पहुंचने के बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां तीनों का इलाज जारी है.
पुलिस ने शुरू की बदमाशों की तलाश
परिजनों के मुताबिक, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि बदमाश कितने रुपये और सामान लेकर गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और लूट की रकम का आकलन किया जा रहा है. एडीसीपी ईस्ट अमोल मुरकुट ने बताया कि घटना की जांच के लिए टीमें लगाई गई हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है.
गश्त व्यवस्था पर उठे सवाल
व्यापारी उमेश चंद्र का घर बजरंग चौराहे से करीब 100 मीटर की दूरी पर मुख्य सड़क पर है. इसके बावजूद बदमाशों ने देर रात घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस के पहुंचने को लेकर इलाके में गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.
Must Read- भाजपा के ‘संकल्प दिवस’ में दारा सिंह चौहान का सम्मान, चांदी का मुकुट बना आकर्षण का केंद्र
