सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, योगी सरकार ने किया एक लाख सरकारी नौकरी देने का ऐलान

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 3572 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे और अगले छह महीने में 1 लाख और नौकरियां देने का ऐलान किया है। जानिए इस बड़ी घोषणा के बारे में और अधिक.

UP Government Jobs : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कृषि विभाग और मंडी परिषद में चयनित 3572 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले छह महीने के भीतर एक लाख और युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

कृषि विभाग में 3446 और मंडी परिषद में 126 पदों पर नियुक्ति

कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) के 3446 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया। वहीं, मंडी परिषद में मंडी सचिव के 126 पदों पर चयनित युवाओं को भी नियुक्ति मिली। समारोह में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह और कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

योगी बोले- साढ़े नौ साल में 9.30 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी करना अपने आप में बड़ी चुनौती है। आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भर्ती आयोग इस काम को सफलतापूर्वक कर रहे हैं। योगी ने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले करीब साढ़े नौ वर्षों में 9.30 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की किसी भी भर्ती प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाया जा सकता।

छह महीने में एक लाख और युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब भर्ती प्रक्रिया को और तेज किया जा रहा है। उन्होंने भर्ती बोर्डों से भर्ती की समय सीमा और कम करने को कहा। उन्होंने ऐलान किया कि अगले छह महीने के अंदर एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देने जा रहे हैं। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले ऐसी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी, लेकिन आज पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से भर्तियां पूरी हो रही हैं।

2017 से पहले चाचा-भतीजा वसूली के लिए निकल पड़ते थे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले भर्ती का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजा और 'महाभारत का खानदान' वसूली के लिए निकल पड़ता था। इससे युवाओं का समय और भविष्य दोनों प्रभावित होते थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने शुरुआत से ही स्पष्ट कर दिया था कि भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। योगी ने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार और भर्ती माफिया के खिलाफ कार्रवाई करके इसे साबित भी किया है।

अब 14 दिन में परीक्षा और 14 दिन में परिणाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले यूपी में 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को पूरा कराने में काफी लंबा समय लगता था। परीक्षा, परिणाम और त्योहारों के बीच छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती थी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने परीक्षा प्रक्रिया को समयबद्ध करने का फैसला किया। आज स्थिति यह है कि 14 दिन में परीक्षा और अगले 14 दिन में परिणाम जारी करने की दिशा में काम हो रहा है। इससे पूरी प्रक्रिया एक महीने से भी कम समय में पूरी की जा रही है।

पहले की सरकार ने नकल को जन्मसिद्ध अधिकार बना दिया था

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों में नकल को बढ़ावा दिया गया, जिससे प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा पर सवाल खड़े होते थे। उन्होंने कहा कि परीक्षा बच्चों को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि उनकी क्षमता का आकलन करने के लिए होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया बिना पैसे के लेनदेन और पारदर्शी तरीके से पूरी हो रही है। इसका सीधा लाभ युवाओं को मिल रहा है।

युवाओं की प्रतिभा से यूपी को मिली नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं थीं और किसान भी चिंतित रहते थे। ट्यूबवेल की मोटर चोरी होने जैसी घटनाएं आम थीं। अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में करीब तीन गुना वृद्धि हुई है और इसमें युवाओं की प्रतिभा का महत्वपूर्ण योगदान है। योगी ने कहा कि युवाओं को बिना किसी लेनदेन के नौकरी मिलना बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्हीं बदलावों के कारण उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Also Read : पहले बने IPS, फिर हासिल की 41वीं रैंक और बन गए IAS, जानिए कौन है अंकित खंडेलवाल जो लाखों युवाओं की है प्रेरणा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >