UP News: जनगणना 2027 सिर्फ आपकी गिनती तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इस दौरान आपकी भाषा, पढ़ाई, नौकरी, घर बदलने की वजह और परिवार से जुड़ी कई अहम जानकारियां भी जुटाई जाएंगी. दूसरे चरण में लोगों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे. इनमें यह भी जानना होगा कि आप मातृभाषा के अलावा कितनी भाषाएं जानते हैं और अगर आपने कभी अपना निवास स्थान बदला है तो उसकी वजह क्या थी. यह चरण नवंबर से शुरू होने जा रहा है.
16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना
जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना की शुरुआत 16 नवंबर 2026 से स्वगणना के साथ होगी. इसके बाद 1 दिसंबर से घर-घर जाकर जनगणना की जाएगी. इस दौरान प्रगणक अपने साथ सवालों की निर्धारित सूची लेकर पहुंचेंगे और परिवार के प्रत्येक सदस्य से जरूरी जानकारी दर्ज करेंगे. सरकार ने पहले ही तय कर दिया है कि इस चरण में कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे. इनमें नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, माता-पिता की जानकारी जैसे सामान्य सवालों के साथ भाषा और शिक्षा से जुड़े सवाल भी शामिल हैं.
मातृभाषा के अलावा कितनी भाषाएं जानते हैं?
जनगणना में लोगों से मातृभाषा और अन्य भाषाओं के ज्ञान के बारे में भी पूछा जाएगा. इसके साथ साक्षरता और डिजिटल साक्षरता की जानकारी भी दर्ज की जाएगी. यानी अगर आप हिंदी के अलावा कोई दूसरी भाषा जानते हैं, तो उसकी जानकारी भी जनगणना के दौरान देनी होगी.
घर क्यों बदला? यह जानकारी भी देनी होगी
जनगणना में प्रवास यानी निवास स्थान बदलने से जुड़े सवाल भी होंगे. इसमें पूछा जाएगा कि आपका जन्म कहां हुआ, इससे पहले आप कहां रहते थे और आपने अपना निवास स्थान क्यों बदला. इसके अलावा यह भी पूछा जाएगा कि पिछले निवास स्थान से आने के बाद आप मौजूदा गांव या शहर में कितने समय से रह रहे हैं और आपका स्थायी आवासीय पता क्या है.
पढ़ाई और नौकरी से जुड़े सवाल भी होंगे
प्रगणक शिक्षा और रोजगार से जुड़ी जानकारी भी लेंगे. इसमें आपकी शिक्षा का उच्चतम स्तर, विषय या स्ट्रीम, शैक्षणिक संस्थान में पढ़ाई की स्थिति और पिछले एक साल में किए गए काम से संबंधित सवाल शामिल हैं. इसके साथ उद्योग, व्यापार या सेवा का स्वरूप, कर्मचारी की श्रेणी, काम की स्थिति और कार्यस्थल तक आने-जाने के तरीके जैसी जानकारी भी पूछी जाएगी.
बच्चों से जुड़े सवाल सिर्फ कुछ महिलाओं से होंगे
जनगणना में बच्चों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जाएगी. इसमें पूछा जाएगा कि वर्तमान में कितने बच्चे जीवित हैं, अब तक कितने बच्चे जीवित पैदा हुए और पिछले एक साल में कितने बच्चों का जन्म हुआ. ये सवाल वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और संबंध विच्छेदित महिलाओं से संबंधित होंगे. वहीं पिछले एक साल में जीवित जन्मे बच्चों का सवाल वर्तमान में विवाहित महिलाओं के लिए रखा गया है.
कोविड वैक्सीन कहां लगवाई थी? यह भी पूछा जाएगा
इस बार जनगणना में कोविड-19 टीकाकरण से जुड़ा सवाल भी शामिल है. लोगों से पूछा जाएगा कि उन्होंने कोविड-19 का टीका कहां लगवाया था. इसके अलावा आपके कुल बैंक खातों की संख्या की जानकारी भी ली जाएगी.
मोबाइल, आधार और वोटर आईडी की भी जानकारी
40 सवालों की सूची में मोबाइल नंबर, आधार नंबर और वोटर आईडी नंबर से जुड़े सवाल भी शामिल हैं. भारतीय पासपोर्ट धारकों से पासपोर्ट नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध होने की जानकारी भी ली जाएगी.
जनगणना की जानकारी रहेगी गोपनीय
जनगणना के दौरान लोगों से कई व्यक्तिगत और पारिवारिक जानकारियां ली जाएंगी. इसलिए सवालों को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है. सरकार ने जनगणना के लिए निर्धारित प्रक्रिया और प्रश्नावली जारी की है. इस पूरी कवायद का मकसद देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति से जुड़े आंकड़े जुटाना है, जिनका इस्तेमाल आगे नीतियों और योजनाओं को तैयार करने में किया जाएगा.
