UP Crime News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद के सिंगाही इलाके में 4 साल की मासूम के साथ घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है. बुधवार को प्रशासन ने 65 वर्षीय आरोपी खलील के अवैध आशियाने पर बुलडोजर चला दिया. देखते ही देखते पूरा ढांचा मलबे में तब्दील हो गया. जानकारी के मुताबिक आरोपी का यह निर्माण गांव की ग्राम पंचायत की सरकारी जमीन पर कब्जा करके बनाया गया था. राजस्व टीम की जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होते ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई.
डीएम ने कहा - रेप केस से नहीं, पुराने अतिक्रमण के मामले में कार्रवाई
इस बुलडोजर एक्शन पर लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने स्थिति साफ की है. उन्होंने बताया कि आरोपी खलील को पुलिस ने रविवार रात को ही गिरफ्तार कर लिया था. मेडिकल के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा चुका है. डीएम ने स्पष्ट किया कि आज हुई कार्रवाई का इस जघन्य अपराध से कोई सीधा कनेक्शन नहीं है. खलील के खिलाफ सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर पहले से ही कार्रवाई चल रही थी.
15 जुलाई 2024 को ही हो गया था बेदखली का आदेश
प्रशासन के मुताबिक, यूपी राजस्व संहिता 2006 की धारा 67 के तहत खलील को 15 जुलाई 2024 को ही कब्जा हटाने का आदेश दिया गया था. उसने इस आदेश के खिलाफ कहीं अपील भी नहीं की थी. कई बार नोटिस देने के बाद भी जब उसने खुद से कब्जा नहीं हटाया, तो 18 अगस्त को उसे अंतिम नोटिस दिया गया था. डीएम ने कहा, "बार-बार नोटिस के बाद भी कोई पालन नहीं हुआ, इसलिए आज भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में ग्राम समाज की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया."
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बीते रविवार को घर के बाहर खेल रही 4 वर्षीय बच्ची को 65 साल का खलील बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया. वारदात के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को दबोचा था. फिलहाल गंभीर हालत में लखनऊ रेफर की गई मासूम की तबीयत में अब सुधार बताया जा रहा है.
