UP News : यूपी बोर्ड ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं. माध्यमिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए संशोधित समय सारणी जारी कर दी है. ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया 24 अगस्त 2026 से शुरू होकर 29 अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी. बोर्ड का कहना है कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से किया जाएगा, ताकि परीक्षा की शुचिता, विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ नकलविहीन परीक्षा कराई जा सके.
24 अगस्त से शुरू होगी केंद्र निर्धारण प्रक्रिया
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, 24 अगस्त तक विद्यालयों की स्थापना से संबंधित जानकारी प्रधानाचार्यों को यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी. इसके बाद 3 सितंबर तक प्रधानाचार्यों की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी का डीएम द्वारा गठित तहसील स्तरीय समिति सत्यापन करेगी.
12 सितंबर तक होगा विद्यालयों का भौतिक सत्यापन
विद्यालयों के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया 12 सितंबर 2026 तक पूरी की जाएगी. इसके बाद तहसील स्तरीय समिति अपनी रिपोर्ट डीआईओएस के माध्यम से यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करेगी. इसके आधार पर परीक्षा केंद्र बनाए जाने वाले विद्यालयों की सूची तैयार की जाएगी.
21 सितंबर को जारी होगी चयनित केंद्रों की सूची
21 सितंबर तक चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी. इसके बाद डीएम की अध्यक्षता में गठित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति इस सूची का परीक्षण करेगी. वहीं, 23 सितंबर तक डिबार, मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई वाले और अन्य अर्हता पूरी नहीं करने वाले विद्यालयों की सूची भी वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी.
छात्रों और अभिभावकों को मिलेगा आपत्ति का मौका
परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में पारदर्शिता के लिए छात्रों, अभिभावकों, प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा. 28 सितंबर 2026 तक चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची के संबंध में आपत्तियां और शिकायतें ऑनलाइन यूपी बोर्ड के पोर्टल पर दर्ज कराई जा सकेंगी. इसके लिए डीआईओएस की ओर से समाचार पत्रों के माध्यम से भी सूचना प्रकाशित की जाएगी.
8 अक्टूबर तक आपत्तियों का होगा निस्तारण
प्राप्त आपत्तियों की जांच और निस्तारण की प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 तक पूरी की जाएगी. यदि कोई आपत्ति तार्किक और उचित पाई जाती है, तो उसे जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा.
17 अक्टूबर तक जारी होगी केंद्रों की सूची
17 अक्टूबर तक जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति से अनुमोदित परीक्षा केंद्रों की सूची यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी. इस सूची में विद्यालयों के साथ छात्रों के आवंटन की जानकारी भी शामिल होगी. इसके बाद भी यदि किसी छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य या प्रबंधक को केंद्र की दूरी या छात्रों की क्षमता से अधिक आवंटन को लेकर आपत्ति होगी, तो वह ऑनलाइन प्रत्यावेदन कर सकेगा.
29 अक्टूबर को फाइनल होंगे परीक्षा केंद्र
यूपी बोर्ड के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 29 अक्टूबर 2026 को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी. जनपद स्तरीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण और निस्तारण किया जाएगा. इसके बाद विद्यालय और छात्र आवंटन सहित परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी.
नकलविहीन परीक्षा पर बोर्ड का जोर
यूपी बोर्ड ने परीक्षा केंद्र निर्धारण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखने का फैसला किया है. इसका उद्देश्य परीक्षा केंद्रों के चयन में पारदर्शिता बनाए रखना और नकल की संभावनाओं को कम करना है. बोर्ड सचिव भगवती सिंह के मुताबिक, 2027 की बोर्ड परीक्षाओं की संवेदनशीलता और समयबद्धता को देखते हुए शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया तय समय में पूरी की जाएगी.
Also Read : UP में सपा विधायक के घर चलेगा योगी का बुलडोजर? नोटिस चस्पा, प्रशासन ने दी ध्वस्तीकरण की चेतावनी
