UP Anganwadi Worker Salary Hike : उत्तर प्रदेश सरकार विधानसभा चुनाव से पहले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी करने जा रही है. प्रदेश की करीब 3.28 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को इसका लाभ मिलेगा. आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 4 हजार रुपये और सहायिकाओं का 2 हजार रुपये बढ़ाया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में मानदेय बढ़ाने की घोषणा करेंगे. इसी कार्यक्रम में नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे. अयोध्या प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
71,310 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की हुई भर्ती
महिला एवं बाल कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बताया कि प्रदेश में 71,310 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भर्ती की गयी है. इनमें 21,804 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 49,506 सहायिकाएं शामिल हैं. मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा के साथ सरकार की ओर से मानदेय पर काम करने वाले कर्मचारियों को राहत देने की तैयारी है.
सवा तीन लाख से अधिक परिवारों पर पड़ेगा सीधा असर
प्रदेश में 1.89 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 1.39 लाख सहायिकाएं हैं. मानदेय बढ़ने से सवा तीन लाख से अधिक परिवारों के बजट पर इसका सीधा असर पड़ेगा. आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर तक पहुंच है. सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में भी उनकी अहम भूमिका रहती है.
महिला कर्मचारियों पर सरकार का फोकस
चुनाव से पहले सरकार का फोकस ग्राउंड लेवल पर काम करने वाली महिला कर्मचारियों पर माना जा रहा है. इससे पहले बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में तैनात रसोइयों के मानदेय और सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की गयी थी. इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं. आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी को भी इसी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.
अयोध्या में 12 से 15 हजार महिलाएं होंगी शामिल
अयोध्या के जीआईसी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में अयोध्या मंडल से करीब 12 से 15 हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं शामिल होंगी. राशन वितरण का काम संभालने वाले स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाएं भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी. मुख्यमंत्री की मौजूदगी में अयोध्या में मुख्य कार्यक्रम होगा. इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में समानांतर कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे.
जानिए CM योगी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या में करीब तीन घंटे रहेंगे.
दोपहर 2:50 बजे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जीआईसी मैदान पहुंचेंगे.
दोपहर 2:50 से शाम 4 बजे तक: नियुक्ति पत्र वितरण, कार्यकर्ताओं का सम्मान और मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा करेंगे.
शाम 4 बजे: जीआईसी मैदान से हेलीकॉप्टर के जरिये राम कथा पार्क हेलीपैड के लिए रवाना होंगे.
शाम 4:15 बजे: हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन और आरती करेंगे.
शाम 5 बजे: अयोध्या से लखनऊ के लिए रवाना होंगे.
प्रशासन ने पूरी की कार्यक्रम की तैयारी
अयोध्या में मुख्य समारोह को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कृष्ण कुमार सिंह की निगरानी में कार्यक्रम की तैयारियां की गयी हैं.
Also Read : पांच महीने में फांसी के 23 फैसले, फिर मिली माफिया की धमकी, जज बोले- न्याय के साथ समझौता नहीं करूंगा
