UP News: स्कूल की घंटी बजने का समय था, लेकिन उन्नाव के मोहान स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में बुधवार को पढ़ाई के बजाय छात्र अपनी समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर आए. सैकड़ों छात्र स्कूल परिसर से बाहर निकलकर मोहान-अजगैन मुख्य चौराहे पर बैठ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया. हाथों में तख्तियां लेकर छात्रों ने शिक्षकों की कमी, भोजन की गुणवत्ता और पीने के पानी की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई. छात्रों के प्रदर्शन से चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई.
शिक्षकों की कमी और खाने को लेकर नाराजगी
छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है. बच्चों ने कहा कि जब तक सभी अध्यापकों की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक वे पेपर नहीं देंगे. इसके अलावा विद्यालय में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी छात्रों ने सवाल उठाए. उनका कहना था कि उन्हें ठीक खाना नहीं मिल रहा है और भोजन की व्यवस्था में सुधार की जरूरत है. छात्रों ने पीने के पानी की समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी. उनका कहना था कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं की भी कमी है. इन्हीं समस्याओं को लेकर सुबह बड़ी संख्या में छात्र स्कूल परिसर से बाहर आए और मोहान-अजगैन मार्ग के मुख्य चौराहे पर बैठकर विरोध करने लगे.
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझाया
बच्चों के सड़क पर उतरने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझाने का प्रयास किया. छात्रों के अपनी मांगों पर अड़े रहने के बाद जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी, एडीएम और एएसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों की समस्याएं सुनीं. अधिकारियों ने बच्चों को उनकी शिकायतों पर कार्रवाई और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया. बाद में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और एसपी जय प्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत की और विद्यालय पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता की जांच की. इसके बाद बच्चों को खाना भी खिलाया गया. अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों से जानकारी ली और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना.
सपा नेत्री ने भी स्कूल गेट पर दिया धरना
इसी बीच समाजवादी पार्टी की महिला नेत्री और पूर्व सपा प्रत्याशी भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचीं. उन्होंने विद्यालय के गेट के बाहर धरना देकर छात्रों की समस्याओं को लेकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छात्रों से बातचीत की और उनकी शिकायतों को सुना.जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, न्योतनी में दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई करते हैं. छात्रों के सड़क पर उतरने से विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर मामला सामने आया. छात्रों ने शिक्षकों की कमी, भोजन की गुणवत्ता और पीने के पानी जैसी समस्याएं उठाईं. अधिकारियों ने छात्रों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया और विद्यालय की व्यवस्थाओं की जांच भी की.
Also Read: न नौकरी से करोड़पति बना, न कभी कारोबार किया, फिर भी कानपुर के गार्ड को थमा दिया 3.14 करोड़ का नोटिस
