उन्नाव को मिली 570 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात, विपक्ष पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री योगी

UP News: मुख्यमंत्री ने उन्नाव में गुरुवार को 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास की. इस दौरान सीएम ने उन्नाव को अध्यात्म, साहित्य व क्रांति की धरा बताया.

UP News: लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि इन दलों ने सत्ता में रहते हुए जनता के बजाय अपने परिवारों के हितों को प्राथमिकता दी. योगी ने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने 12 वर्षों में देश और 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश में जितना विकास किया, उतना कांग्रेस और सपा की सरकारें नहीं कर सकीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा नेहरू-गांधी परिवार की राजनीति की, जबकि समाजवादी पार्टी सैफई तक ही सीमित रही. इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार माना है. उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोग उनके परिवार का हिस्सा हैं और उनकी खुशहाली के लिए काम करना ही सरकार का लक्ष्य है.

101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने के दौरान जनसभा को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने ग्राम पंचायत डीह, भवानी खेड़ा चौराहा, हिंदु खेड़ा उन्नाव में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया. सीएम ने स्थानीय लोगों को जानकारी दी कि वीर शहीद गुलाब सिंह लोधी की स्मृति में निर्मित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल की क्षमता भी दोगुनी कर दी गई है.

खर-दूषण जैसे थे सपा के सत्तापोषित माफिया

सीएम ने कहा कि सपा सरकार के समय गरीब या अन्य राजनीतिक दल आवाज उठाते थे, तो इनके गुंडे व माफिया उनकी आवाज दबाने के साथ ही व्यापारियों का अपहरण कर प्रदेश में अराजकता का तांडव करते थे. रामायण काल में खर-दूषण, मारीच व सुबाहु का आतंक ऐसा ही रहा होगा, जैसे सपा सरकार के समय सत्तापोषित माफिया का था. कांग्रेस व सपा के नेताओं को कभी गरीब के लिए आंसू बहाते नहीं देखा होगा, इनके आंसू माफिया के मरने पर बहते हैं. ये गरीबों के प्रति संवेदनहीन बन जाते हैं. सर्वाधिक समय तक शासन करने के बावजूद ये दोनों दल देश-प्रदेश को दुर्गति के गर्त में धकेलने के जिम्मेदार हैं.

अध्यात्म, साहित्य व क्रांति की धरा है उन्नाव

सीएम ने उन्नाव को अध्यात्म, साहित्य व क्रांति की धरा बताया. सीएम ने स्थानीय आध्यात्मिक स्थलों, साहित्यकारों, क्रांतिकारियों के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए. विधानसभा के पूर्व अध्य़क्ष हृदय नारायण दीक्षित के कार्यों को भी याद किया. उन्होंने कहा कि भारत की अस्मिता पर संकट के समय गुलामी की बेड़ियां तोड़ने के लिए राजा रामबख्श सिंह, वीर गुलाब सिंह लोधी ने अपने बलिदान से ब्रिटिश हुकूमत की जड़ें उखाड़ दीं.

उन्नाव को कभी पिछड़ने नहीं देंगे

सीएम बोले, स्वामी साक्षी महाराज जी कहते थे कि लखनऊ व कानपुर के बीच उन्नाव खुद को उपेक्षित महसूस करता है. तब मैंने कहा था कि विकास की हर योजना उन्नाव में भी आएगी. आज उन्नाव की कनेक्टिविटी हर तरफ से फोरलेन की हो गई है. गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए उन्नाववासी लखनऊ को बाईपास कर सीधे दिल्ली, प्रयागराज जा सकते हैं. कानपुर के लिए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे भी बन रहा है.

गंगा नदी में अतिरिक्त ब्रिज की मांग पूरी

उन्नाव व कानपुर की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए गंगा नदी में अतिरिक्त ब्रिज की मांग भी पूरी की गई. हम उन्नाव को पिछड़ने नहीं देंगे. डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर व गंगा एक्सप्रेसवे पर इंडस्ट्रियल कलस्टर विकसित करने के लिए जमीन अधिग्रहण हो चुका है. डिफेंस कॉरिडोर के लिए लगभग 700 एकड़ लैंड और लगभग 200 एकड़ लैंड इंडस्ट्री कलस्टर के लिए उन्नाव जनपद के लिए तैयार है. उद्योग लगने से स्थानीय नौजवानों को यहीं रोजगार प्राप्त होगा.

दुनिया के लिए प्रेरणा बना भारत का प्रबंधन

सीएम ने कहा कि जब दुनिया ऊर्जा, आर्थिक मंदी और पश्चिम एशिया के संकट के दौर से गुजर रही है, तब भी पीएम मोदी के नेतृत्व में जनता को राहत मिली और संकट से उबारा गया. भारत का प्रबंधन दुनिया के लिए प्रेरणा बना. अमेरिका महंगाई से त्रस्त है, लेकिन भारत ने उक्त संकटों का बखूबी सामना किया. भारत में सुरक्षा, आस्था का सम्मान व अर्थव्यवस्था को मजबूती से बढ़ाया जा रहा है. आतंकवादियों, उग्रवादियों व नक्सलवादियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देकर भारत की ताकत का अहसास कराया जा रहा है.

गरीब, किसान, महिला व युवा को केंद्र में रखकर योजनाएं

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री की नजर में चार जातियां (गरीब, किसान, महिला, युवा) ही हैं. योजनाएं इन्हें केंद्र में रखकर ही बन रही हैं. मिशन शक्ति के अंतर्गत नारी की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के कार्यक्रम हो रहे हैं. प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री आवास योजना के लिए अब गरीब हाथ नहीं फैलाते, बल्कि अधिकारी घर जाकर बताते हैं कि आपका चयन हुआ है. पहले घूस देकर भी योजना का लाभ नहीं मिलता था, आज बिना सिफारिश रसोई गैस, राशन, पेंशन, आयुष्मान आदि सुविधाएं मिल रही हैं.

एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी में यूपी सबसे आगे

सीएम ने कहा कि देश के सबसे बड़े गंगा एक्सप्रेसवे पर कोई चलेगा तो उसे पता लग जाएगा कि ग्लोबल स्टैंडर्ड कैसे लागू किए जाते हैं. इस एक्सप्रेसवे की राइडिंग क्वालिटी वही है, जो दुनिया में सबसे अच्छी सड़क की है. हमने इस एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री जी को उन्नाव व हरदोई के बीच में आमंत्रित किया. एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी में यूपी सबसे आगे है. इस अवसर पर सांसद साक्षी महाराज, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, विधायक पंकज गुप्ता, अनिल सिंह, आशुतोष शुक्ल, बंबालाल दिवाकर, श्रीकांत कटियार, ब्रजेश रावत, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी आदि मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: ओपी राजभर पर बरसे अखिलेश यादव, बोले- जनता को गुमराह करने में जुटे हैं अफवाह मंत्री

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Radheshyam Kushwaha

राधेश्याम कुशवाहा ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से MJ (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भोपाल से प्रकाशित राज एक्सप्रेस समाचार पत्र से की. इसके बाद उन्होंने समय जगत, राजस्थान पत्रिका और हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म, अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 13 वर्षों का अनुभव रखने वाले राधेश्याम कुशवाहा को ज्योतिष शास्त्र, पंचांग गणना, ग्रह गोचर, नक्षत्र परिवर्तन, व्रत-त्योहारों की तिथियों तथा शुभ मुहूर्तों का गहन ज्ञान है. अपनी विशेषज्ञता के आधार पर वे धर्म-अध्यात्म और राशिफल से जुड़ी सटीक, तथ्यपरक एवं विश्वसनीय खबरें लिखते हैं. धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में उनकी विशेष रुचि है. इसके अलावा राजनीति, अपराध और प्रेरणादायक (पॉजिटिव) विषयों पर लेखन में भी उनकी गहरी रुचि है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >