उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहाँ एक शख्स की प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी दो पत्नियां एक साथ थाने पहुँच गईं. इगलास कस्बे के निवासी इस युवक पर आरोप है कि उसने पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी कर ली और अब दोनों को घर से बाहर निकाल दिया है. शनिवार को दोनों पीड़ित महिलाओं ने कोतवाली पहुँचकर आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को अपना लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा है.
पहली पत्नी को बिना तलाक दिए रचाई दूसरी शादी
पहली पत्नी का आरोप है कि उसकी शादी साल 2026 में हुई थी, लेकिन दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया. इस विवाद का मामला फिलहाल हाथरस कोर्ट में विचाराधीन है. इसके बावजूद पति ने कानूनी रूप से तलाक लिए बिना ही दूसरी शादी रचा ली. पहली पत्नी का कहना है कि आरोपी ने न केवल उसके अधिकारों का हनन किया, बल्कि कानून का उल्लंघन करते हुए दूसरा विवाह किया है.
सच्चाई सामने आने पर दूसरी पत्नी के साथ मारपीट
दूसरी पत्नी ने बताया कि आरोपी ने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर चार महीने पहले उससे निकाह किया था. जब उसे इस धोखाधड़ी का पता चला और उसने इसका विरोध किया, तो ससुराल वालों ने उसके साथ जमकर मारपीट की. पीड़िता ने अपने जेठ पर भी अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है. पति की धोखाधड़ी और ससुराल पक्ष के दुर्व्यवहार से तंग आकर उसने भी पहली पत्नी के साथ मिलकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का कड़ा फैसला लिया.
पुलिस ने शुरू की जांच, कठोर कार्रवाई का दिया आश्वासन
मामले की जानकारी देते हुए इगलास के इंस्पेक्टर रजित वर्मा ने बताया कि दोनों पीड़ित महिलाओं ने थाने आकर शिकायत दर्ज करवाई है. पुलिस ने दोनों महिलाओं के विस्तृत बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी पति के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस की टीम सभी आरोपों की गहनता से जांच करने में जुटी हुई है.
यह भी पढ़े: बसपा में घमासान: मायावती का कड़ा कदम, अशोक सिद्धार्थ...
