UP News: संगम नगरी प्रयागराज में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. संगम से पवित्र गंगाजल भरकर वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे तीन बाइक सवार कांवड़ियों को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. यह दुखद दुर्घटना प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर स्थित सरपतीपुर गांव के पास रात लगभग पौने ग्यारह बजे घटित हुई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें रौंदता हुआ निकल गया.
अस्पताल पहुंचने से पहले दो ने तोड़ा दम
घटना की जानकारी मिलते ही सरायइनायत पुलिस और आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल तीनों कांवड़ियों को इलाज के लिए स्वरूपरानी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद अशोक कुमार और शिव प्रकाश को मृत घोषित कर दिया. तीसरे घायल लल्लू का इलाज तुरंत शुरू किया गया, लेकिन उसने भी थोड़ी देर बाद दम तोड़ दिया. इस घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे.
परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल, जांच जारी
मृतकों की पहचान शिव प्रकाश (20 वर्ष), अशोक कुमार (32 वर्ष) और लल्लू (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आपस में शटरिंग का काम करते थे. अशोक अपने माता-पिता का अकेला बेटा था और उसके छोटे बच्चे हैं। वहीं शिव प्रकाश की भी हाल ही में शादी हुई थी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी चालक वाहन समेत फरार है, जिसकी तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
