UP News: राजनीति में सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचने वाले नेताओं की कहानी केवल उनके नाम तक सीमित नहीं होती. उस सफर के पीछे कुछ ऐसे चेहरे भी होते हैं, जो हर मुश्किल में साए की तरह साथ खड़े रहते हैं. दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के जीवन में भी ऐसे ही पांच साथी रहे, जिन्होंने संघर्ष के दिनों में उनका साथ कभी नहीं छोड़ा.
जब पहचान नहीं थी, तब साथ थे ये चेहरे
आज जब उमाशंकर सिंह की राजनीतिक यात्रा को याद किया जा रहा है, तो उनके शुरुआती संघर्ष के दिनों के साथी भी चर्चा में हैं. उस दौर में चन्द्रकेश सिंह, सचिन्द्र सिंह, अजय शर्मा, ओमप्रकाश और सुल्तान ऐसे नाम थे, जो हर कदम पर उनके साथ दिखाई देते थे. बताया जाता है कि जब संसाधन सीमित थे और पहचान बनाने की चुनौती सामने थी, तब यही साथी दिन-रात उनके साथ रहते थे. गांव-गांव का दौरा हो या लोगों के बीच पहुंचना, हर जिम्मेदारी मिलकर निभाई जाती थी.
चन्द्रकेश और सचिन्द्र बने मजबूत संबल
उमाशंकर सिंह के शुरुआती राजनीतिक जीवन में चन्द्रकेश सिंह और सचिन्द्र सिंह ने अहम भूमिका निभाई. दोनों ने संघर्ष के दौर में न सिर्फ उनका मनोबल बढ़ाया, बल्कि हर चुनौती में कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया. कठिन परिस्थितियों में भी उनका साथ कभी नहीं टूटा. अजय शर्मा हर कदम पर रहे हमराह. उमाशंकर सिंह के बेहद करीबी सहयोगियों में अजय शर्मा का नाम भी प्रमुखता से लिया जाता है. शुरुआती दौर में वह अक्सर उनके साथ रहते थे. जनसंपर्क अभियान हो या संगठनात्मक गतिविधियां, अजय शर्मा हर परिस्थिति में उनके भरोसेमंद साथी बने रहे.
कमांडर एम्बेसडर कार और संघर्ष की यादें
उमाशंकर सिंह के पुराने सहयोगियों के अनुसार, वह दौर बेहद संघर्षपूर्ण था. ओमप्रकाश और सुल्तान भी उन साथियों में शामिल थे, जो कमांडर एम्बेसडर कार के साथ लगातार उनके सफर का हिस्सा बने रहे. सुविधाएं सीमित थीं, लेकिन हौसला बुलंद था. एक साथ निकलना, लोगों से मिलना और देर रात तक जनसंपर्क करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था.
मेहनत, विश्वास और साथ ने लिखी सफलता की कहानी
समय के साथ उमाशंकर सिंह ने अपनी मेहनत, जनसेवा और राजनीतिक सक्रियता के दम पर बड़ी पहचान बनाई. लेकिन उनके संघर्ष के दिनों को करीब से देखने वाले इन साथियों के लिए वह दौर आज भी सबसे अनमोल यादों में शामिल है. उनकी नजर में यह सिर्फ एक नेता की सफलता नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, विश्वास और साथ का परिणाम था.
इतिहास सिर्फ एक नाम नहीं, कई चेहरों की कहानी भी होता है
उमाशंकर सिंह आज भले ही लाखों लोगों की यादों में जनप्रिय नेता के रूप में जीवित हैं, लेकिन उनके शुरुआती संघर्ष की कहानी उन पांच साथियों के बिना अधूरी मानी जाती है, जिन्होंने हर कठिन मोड़ पर उनका साथ निभाया. इतिहास भले किसी एक व्यक्ति के नाम से लिखा जाता हो, लेकिन उस इतिहास को गढ़ने में कई अनदेखे और अनसुने हमसफरों का भी उतना ही बड़ा योगदान होता है.
यह भी पढ़ें: जब चिता को दी गई मुखाग्नि, सिसक उठा पूर्वांचल, जनसैलाब ने कहा—आज अपना नेता बिछड़ गया
