UP News: लगातार बारिश के बीच सुल्तानपुर में दर्दनाक हादसा हो गया. कुछ पल पहले तक घर में सब सामान्य था. रात में खाना खाने के बाद खाट पर आराम कर रहे 72 वर्षीय बुजुर्ग के ऊपर अचानक मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई. तेज आवाज सुनकर घर और आसपास के लोग दौड़े, मलबा हटाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
खाट पर आराम कर रहे थे बुजुर्ग
यह हादसा दोस्तपुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर डिंगुर गांव में शुक्रवार रात करीब साढ़े 9 बजे हुआ. मृतक की पहचान हरीश नारायण मिश्रा (72) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, खाना खाने के बाद हरीश नारायण अपने कच्चे मकान में खाट पर आराम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक मिट्टी की दीवार उनके ऊपर गिर गई. वह मलबे के नीचे दब गए.
ग्रामीणों ने मलबे से बाहर निकाला
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद हरीश नारायण को मलबे से बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए दोस्तपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बारिश से कमजोर हो गई थी दीवार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है. इससे कच्चे मकान की मिट्टी की दीवार कमजोर हो गई थी. इसी वजह से दीवार अचानक ढहने की आशंका जताई जा रही है. हादसे की सूचना मिलने के बाद दोस्तपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दोस्तपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक नारद मुनि सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, गांव में भी मातम पसरा हुआ है. Also Read: लखनऊ एयरपोर्ट पर मिला 1.67 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा, यात्री ने सी-फूड के डिब्बों में छिपाया... AIU ने की जब्त
