उत्तर प्रदेश भारतीय डाक विभाग ने लखनऊ में आधार सेवाओं को आसान बनाने के लिए विशेष शिविरों की शुरुआत की है. पोस्टमास्टर जनरल सुनील कुमार राय के अनुसार, इस पूरे अगस्त माह में पूरे परिक्षेत्र में कुल 120 शिविर आयोजित किए जाएंगे. अकेले लखनऊ शहर में 24 से अधिक स्थानों पर ये शिविर लगाए जा रहे हैं. इसके लिए राजधानी के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों, पंचायत भवनों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को चिह्नित किया गया है ताकि आम नागरिक आसानी से इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें.
नए नामांकन से लेकर बायोमीट्रिक अपडेट तक की पूरी व्यवस्था
इन विशेष आधार शिविरों में आम जनता के लिए नए आधार कार्ड बनवाने से लेकर पुराने कार्ड में हर तरह के संशोधन की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी. नागरिक अपने नाम, पते, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी में आसानी से बदलाव करा सकते हैं. इसके अलावा फोटो, फिंगरप्रिंट और आइरिस जैसी बायोमीट्रिक जानकारी को भी अपडेट किया जाएगा. साथ ही, पांच से पंद्रह वर्ष की आयु के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट की विशेष सुविधा भी दी जा रही है.
जानिए किस तारीख को कहां आयोजित होंगे प्रमुख आधार शिविर
राजधानी लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में तिथिवार शिविर लगाए जाएंगे. जीपीओ क्षेत्र में 1 अगस्त को जवाहर नगर, 8 अगस्त को मड़ियांव और 22 अगस्त को डालीगंज में शिविर लगेगा. वहीं अन्य इलाकों में 1 से 4 अगस्त तक गोसाईंगंज के रसूलपुर, 5 से 7 अगस्त तक निगोहां के मीरकनगर और 10 से 12 अगस्त तक काकोरी के रहमान खेड़ा में शिविर आयोजित होंगे. इसके बाद माल, इटौंजा, सैरपुर, बंथरा और सरोजनीनगर के प्राथमिक विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से कार्य चलेगा.
यह भी पढ़े: बहू ने ससुर का उतारा गला, 4 घंटे में खुला राज
