प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम पर यू-टर्न, केपी ट्रस्ट ने शर्तों के साथ दी मंजूरी, 8 अगस्त को होगा 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम

Up News: केपी पाठशाला ट्रस्ट ने राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने के फैसले को पलट दिया है. कुछ शर्तों के साथ कांग्रेस को कार्यक्रम आयोजित करने की मंजूरी मिल गई है. अब यह कार्यक्रम 8 अगस्त को तय समय पर होगा.

Up News : प्रयागराज में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर चला विवाद फिलहाल खत्म होता नजर आ रहा है. पहले केपी पाठशाला ट्रस्ट ने कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी, लेकिन अब ट्रस्ट ने कुछ शर्तों के साथ दोबारा आयोजन की मंजूरी दे दी है. कांग्रेस ने पहले आरोप लगाया था कि प्रदेश सरकार के दबाव में कार्यक्रम रोका जा रहा है.

24 घंटे में बदला फैसला

केपी पाठशाला ट्रस्ट ने बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश और अन्य कारणों का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी. हालांकि गुरुवार रात ट्रस्ट ने हाईकोर्ट के वकीलों से कानूनी सलाह लेने के बाद अपना फैसला बदलते हुए कांग्रेस को सशर्त अनुमति दे दी.

इन शर्तों पर मिली अनुमति

ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र नाथ चौधरी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित नहीं होनी चाहिए. इसके अलावा आयोजन से पहले जिला मजिस्ट्रेट से आवश्यक अनुमति लेना भी अनिवार्य होगा.

हाईकोर्ट के आदेश का दिया गया था हवाला

बुधवार को अनुमति रद्द करते समय ट्रस्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के 14 अगस्त 2025 के आदेश का हवाला दिया था. आदेश में कहा गया था कि केपी कॉलेज के मैदान का उपयोग खेल और शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा अन्य उद्देश्यों के लिए नहीं किया जा सकता. ट्रस्ट ने हाल की बारिश के कारण मैदान में जलभराव को भी एक वजह बताया था.

कांग्रेस ने सरकार पर लगाया दबाव बनाने का आरोप

अनुमति रद्द होने के बाद कांग्रेस ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर कार्यक्रम रुकवाने का आरोप लगाया. उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पुनिया और इमरान मसूद ने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों के मुद्दे उठा रहे हैं, इसलिए सरकार कार्यक्रम से घबराई हुई है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आयोजन स्थल उपलब्ध कराने वालों पर प्रशासनिक दबाव बनाया जा रहा है.

8 अगस्त को तय कार्यक्रम के अनुसार आएंगे राहुल गांधी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कार्यक्रम अपने तय समय पर ही होगा. उनके अनुसार राहुल गांधी 8 अगस्त को दोपहर 2 बजे दिल्ली से प्रयागराज के लिए रवाना होंगे और शाम 6 बजे से 8:30 बजे तक केपी ग्राउंड में छात्रों से संवाद करेंगे.

'लोकतंत्र में सभा करना सभी का अधिकार'

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से सभा करने का अधिकार सभी को है और कांग्रेस सभी कानूनी नियमों का पालन करते हुए कार्यक्रम आयोजित करेगी. वहीं सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के राहुल गांधी के समर्थन से डर रही है, जबकि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी.

Also Read : एक बेटी प्रेग्नेंट थी, दूसरी ने की लव मैरिज... आगरा में 48 घंटे में दो बेटियों की हत्या


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >