UP Politics: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फर्रुखाबाद दौरे के दौरान जहानगंज थाना क्षेत्र के कोरीखेड़ा गांव में पुलिस पर एक पीड़ित परिवार से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. दरअसल, दिसंबर 2025 में कोरीखेड़ा गांव के एक 10 साल के बच्चे का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी. कई महीने बीत जाने के बाद भी मामले का खुलासा नहीं हुआ है और परिवार न्याय के इंतजार में है. शुक्रवार को मुख्यमंत्री के जिले में आने की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवार सीएम से मिलकर न्याय की गुहार लगाने की तैयारी कर रहा था.
आरोप - सीएम से मिलने से रोकने गई पुलिस
आरोप है कि जब पुलिस को परिवार के मुख्यमंत्री से मिलने जाने की खबर मिली, तो जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी पुलिस टीम के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंच गईं. इस दौरान पुलिस और परिवार के बीच बहस हो गई. परिवार ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. वायरल वीडियो में पुलिस द्वारा एक महिला से मारपीट का दृश्य दिखाई दे रहा है. वीडियो में थानाध्यक्ष पर महिला के बाल पकड़कर उसे जमीन पर गिराने का आरोप है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.
ASP ने कहा- जांच कर होगी कार्रवाई
इस मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश चंद्र ने संज्ञान लिया है. उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सवाल यही उठ रहा है कि क्या किसी पीड़ित परिवार को अपनी शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंचाने से रोकने के लिए पुलिस का बल प्रयोग करना सही है? जांच के बाद ही पूरे मामले की असली स्थिति साफ हो पाएगी.
शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट
