UP News: पीलीभीत और बहराइच के ग्रामीण इलाकों में तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियों ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है. पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के आसपास मानव आबादी के नजदीक तेंदुओं की आवाजाही को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है. वहीं, बहराइच के सुजौली रेंज में घर में घुसकर एक बुजुर्ग महिला पर तेंदुए के हमले की घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीवों के खतरे को सामने ला दिया है.
घर में घुसकर महिला को घसीट ले गया तेंदुआ
बहराइच स्थित सुजौली रेंज के बाजपुर बनकटी ग्राम पंचायत के सीतारामपुरवा में गुरुवार देर रात तेंदुआ घर में घुस गया. चारपाई पर सो रही फूलवती (86) पर हमला करने के बाद तेंदुआ उन्हें घसीटकर घर के पीछे खेत की ओर लेकर चला गया. महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन अंधेरा होने के कारण तेंदुए का पीछा नहीं कर सके. ग्रामीणों ने रात में महिला की काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला. सुबह घर के पीछे नाले के पास महिला का शव मिला. घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई. सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली.
जुलाई से अब तक 37 तेंदुए पकड़े गए
वन्यजीव संरक्षण एवं नियंत्रण से जुड़ी रिपोर्ट के अनुसार जुलाई से अब तक अलग-अलग क्षेत्रों में 37 तेंदुओं को पकड़ा गया है. इनमें मुरादाबाद में 11, बिजनौर में 18, कर्तनियाघाट में सात और शाहजहांपुर क्षेत्र में एक तेंदुआ शामिल है. पीलीभीत टाइगर रिजर्व के बाहरी क्षेत्रों में भी करीब 30 तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. बारिश के बाद खेतों और जंगल के आसपास पानी भरने से वन्यजीवों के फसलों की ओर आने की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई है.
संवेदनशील इलाकों में लगाए गए पिंजरे
पीलीभीत में अपर मुख्य वन संरक्षक एवं फील्ड डायरेक्टर पीपी सिंह ने पीटीआर तथा वन एवं वन्यजीव प्रभाग के अधिकारियों से तेंदुओं की मौजूदा गतिविधियों की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित डीएफओ को लगातार निगरानी रखने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं. तेंदुओं की मौजूदगी वाले कुछ स्थानों को चिह्नित कर वन विभाग की टीमें निगरानी कर रही हैं. जरूरत वाले इलाकों में पिंजरे भी लगाए गए हैं. विभाग का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोका जा सके. शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट
