शाहजहांपुर में यात्री सुरक्षा से खिलवाड़, बस की छत पर बैठे दिखे यात्री, हाईवे पर दौड़ती बस का वीडियो वायरल

UP News: शाहजहांपुर में एक प्राइवेट टूरिस्ट बस की छत पर यात्रियों को बिठाकर हाईवे पर दौड़ाने का वीडियो वायरल हो रहा है. क्षमता से कई गुना ज्यादा सवारियों से भरी बस ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

UP News: शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र में यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ का एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक प्राइवेट टूरिस्ट बस की छत पर कई यात्रियों को बैठाकर हाईवे पर फर्राटा भरते देखा जा सकता है. बस के अंदर भी क्षमता से कई गुना ज्यादा सवारियां भरी हुई थीं. बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो पुवायां क्षेत्र के किसी ओवरब्रिज का है. 75 सीट वाली इस प्राइवेट बस में जगह न होने पर चालक ने कुछ यात्रियों को छत पर बैठा दिया और तेज रफ्तार में बस दौड़ाता रहा. जरा सी चूक में बड़ा हादसा हो सकता था.

पूरा क्षेत्र पार कर गई, नहीं हुई कोई चेकिंग

हैरानी की बात है कि ओवरलोड बस पुवायां के पूरे क्षेत्र से गुजर गई, लेकिन रास्ते में पुलिस या ARTO की किसी टीम ने उसे रोका तक नहीं. इससे परिवहन विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर कार्रवाई न होने से चालकों के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर नियमों की अनदेखी करते हैं.

दिल्ली, बिहार और हरियाणा रूट की बसें

लखीमपुर जिले के पलिया, निघासन, गोला और नेपाल बॉर्डर से रोजाना सैकड़ों प्राइवेट बसें दिल्ली, बिहार और हरियाणा के लिए चलती हैं. इनमें ज्यादातर मजदूर वर्ग सफर करता है. क्षमता से अधिक सवारी बैठाने से न सिर्फ यात्रियों की जान को खतरा है, बल्कि यह मोटर वाहन अधिनियम का खुला उल्लंघन भी है.

हादसे के बाद ही जागता है विभाग - स्थानीय लोग

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ओवरलोड बसों के खिलाफ नियमित अभियान नहीं चलता. हादसा होने के बाद कुछ दिन तक खानापूर्ति के लिए चेकिंग होती है, फिर सब पहले जैसा हो जाता है. यह वायरल वीडियो उसी लापरवाही का ताजा उदाहरण है.

पुलिस बोली- जांच कर होगी कार्रवाई

मामले पर पुवायां के सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है. जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित बस चालक और संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: UP में कहां कितनी सरकारी जमीन और किसका है कब्जा? योगी सरकार ने पूरे यूपी में सर्वे का दिया आदेश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >