UP News: होटल की गैलरी में खड़ा गौरव शायद नहीं जानता था कि अगले कुछ सेकंड उसकी जिंदगी के आखिरी पल होंगे. खिड़की के पास जाते ही उसका हाथ 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया. तेज करंट ने 25 वर्षीय गौरव की जान ले ली. बादलपुर के एक होटल में हुआ यह दर्दनाक हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया.
महिला मित्र के साथ पहुंचा था होटल
मृतक की पहचान गौरव के रूप में हुई है. वह बादलपुर का रहने वाला था और पेशे से सिंगर था. जानकारी के अनुसार, गौरव अपनी महिला मित्र के साथ होटल के कमरे में रुका था. इसी दौरान वह गैलरी की खिड़की के पास गया. बाहर देखते समय उसका हाथ पास से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया.
जोरदार झटका और मौके पर मौत
हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही गौरव को जोरदार करंट लगा. झटका इतना तेज था कि वह मौके पर ही गिर पड़ा. कुछ ही पल में उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई.
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
हादसे की पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. फुटेज में युवक के हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने की घटना दिखाई देती है. घटना की सूचना मिलते ही बादलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने गौरव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अब पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. साथ ही होटल और आसपास की परिस्थितियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस की जांच के बाद हादसे से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है.
Also Read: यूपी के नेताओं पर चढ़ा 80s का रंग, AI तस्वीरों में दिखा गजब का रेट्रो लुक
