UP Eastern Railway News: पूर्वांचल के निवासियों के लिए भारतीय रेल ने एक बड़ा और राहत भरा कदम उठाया है. 27 अगस्त से गोरखपुर से देश की राजधानी दिल्ली के बीच आधुनिक सुविधाओं वाली पहली अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा. यह नई सेवा पूर्व में चल रही 05057/05058 गोरखपुर-दिल्ली विशेष गाड़ी का स्थान लेगी. अब यह नियमित रूप से ट्रेन नंबर 15095/15096 के साथ पटरियों पर दौड़ेगी, जिससे रोजाना सफर करने वाले और लंबी दूरी के यात्रियों को सीधा लाभ पहुंचेगा.
ट्रेन की संरचना और आधुनिक सुविधाएं
इस नई गैर-वातानुकूलित सुपरफास्ट ट्रेन में कुल 22 डिब्बे शामिल किए गए हैं. इनमें सामान्य श्रेणी के 11 डिब्बे, स्लीपर श्रेणी के 8 डिब्बे तथा एक पेंट्रीकार की व्यवस्था की गई है. रेल प्रशासन ने इसके सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. यह ट्रेन 110 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दौड़ने में सक्षम है. यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें मोबाइल चार्जिंग, एयर स्प्रिंग सिस्टम, टॉक-बैक सिस्टम और दिव्यांग-अनुकूल बायो-टॉयलेट जैसी आधुनिक तकनीक दी गई है.
समय-सारणी, रूट और ठहराव की जानकारी
समय-सारणी के अनुसार 15095 गोरखपुर-दिल्ली साप्ताहिक अमृत भारत 27 अगस्त से हर बृहस्पतिवार रात 10:45 बजे गोरखपुर से रवाना होगी. यह गाड़ी खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद के रास्ते अगले दिन दोपहर 12:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी. वापसी में 15096 दिल्ली-गोरखपुर साप्ताहिक ट्रेन 28 अगस्त से प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 2:00 बजे दिल्ली से चलकर इन्हीं प्रमुख स्टेशनों से होते हुए अगले दिन सुबह 06:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.
