UP News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक मां पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर छह वर्षीय बेटे की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार, मासूम बच्चे को इसलिए रास्ते से हटा दिया गया क्योंकि वह महिला और उसके प्रेमी के रिश्ते में बाधा बन रहा था. तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है.
प्रेमी ने मासूम को घर से ले जाकर की हत्या
पुलिस जांच के मुताबिक, महिला का प्रेमी बच्चे को घर से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. आरोप है कि उसने सुनसान स्थान पर बच्चे की हत्या कर शव को जंगल क्षेत्र में फेंक दिया. बाद में पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
डिजिटल साक्ष्यों ने खोला राज
जांच के दौरान पुलिस को महिला और उसके प्रेमी के बीच चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले. पुलिस का दावा है कि इन सबूतों से हत्या की साजिश में महिला की भूमिका सामने आई. पूछताछ में यह भी सामने आया कि महिला को पहले से जानकारी थी कि उसका प्रेमी बच्चे को मारने की योजना बना चुका है.
दादी की शिकायत से शुरू हुई जांच
मामले का खुलासा तब हुआ जब बच्चे की दादी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी युवक उनके पोते को कार में बैठाकर ले गया है और उसकी जान को खतरा है. इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपी तक पहुंच बनाई. पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की, जिसके बाद पूरे मामले की परतें खुलती चली गईं.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को भेजा जेल
पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. मामले की आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: इटली जाने वालों को गाय की सेवा क्या समझ आएगी? OP राजभर का कांग्रेस पर हमला, संसद खत्म होते ही विदेश चले जाते हैं
