Women Employment: फैशन डिजाइनिंग सीखने का सपना अब महंगी फीस की वजह से नहीं रुकेगा. मेरठ में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए 31 दिनों का निःशुल्क फैशन डिजाइनिंग कोर्स शुरू होने जा रहा है. इसमें आधुनिक और पारंपरिक परिधानों की ट्रेनिंग दी जाएगी. खास बात यह है कि प्रशिक्षण के दौरान जरूरी सामग्री और भोजन की सुविधा भी मुफ्त रहेगी. कोर्स पूरा करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा.
31 दिन में सीखें फैशन डिजाइनिंग
सूत्रों के अनुसार केनरा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), मेरठ की ओर से इस प्रशिक्षण के लिए आवेदन मांगे गए हैं. कोर्स में महिलाओं को लांचा, लहंगा, सूट, ब्लाउज और पटियाला सूट समेत कई तरह के परिधान तैयार करने की ट्रेनिंग दी जाएगी. इसके लिए संस्थान में फैशन डिजाइनिंग ट्रेनर की व्यवस्था की गई है. प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को हुनर देकर स्वरोजगार के लिए तैयार करना है.
अपना सेंटर खोलने में भी मिलेगी मदद
प्रशिक्षण के बाद अगर कोई महिला अपना बुटीक या सिलाई सेंटर शुरू करना चाहती है, तो संस्थान की ओर से मदद दी जाएगी. सरकारी योजनाओं के तहत बैंक लोन लेने की प्रक्रिया में भी सहयोग किया जाएगा. संस्थान प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने से लेकर बैंक में आवेदन से जुड़ी प्रक्रिया में मदद करेगा. इसके अलावा प्रशिक्षण के दौरान बाजार की जानकारी भी दी जाएगी.
बाजार से खरीदारी की भी मिलेगी जानकारी
महिलाओं को सिर्फ सिलाई और डिजाइनिंग तक सीमित प्रशिक्षण नहीं दिया जाएगा. उन्हें यह भी बताया जाएगा कि स्वरोजगार शुरू करने के बाद कपड़े और दूसरी जरूरी सामग्री कहां से खरीदी जा सकती है. इसके लिए मेरठ के घंटाघर, लालकुर्ती और बागपत रोड जैसे बाजारों का उदाहरण देकर मार्केट सर्वे कराया जाएगा. इससे प्रशिक्षण लेने वाली महिलाओं को कारोबार शुरू करने में मदद मिल सकेगी.
25 सितंबर से शुरू होगा कोर्स
इस 31 दिवसीय कोर्स में आवेदन के लिए महिला का ग्रामीण क्षेत्र से होना जरूरी है. आवेदन के दौरान आधार कार्ड, ग्रामीण क्षेत्र से संबंधित दस्तावेज और चार पासपोर्ट साइज फोटो की जरूरत होगी. इच्छुक महिलाएं जेल चुंगी स्थित प्रशिक्षण संस्थान में संपर्क कर सकती हैं. संस्थान के अनुसार, फैशन डिजाइनिंग का प्रशिक्षण 25 सितंबर 2026 से शुरू होगा. प्रशिक्षण, सामग्री और खान-पान की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी.
