मेरठ में डॉक्टर मर्डर मिस्ट्री का खुलासा, ड्रिप में जहरीला केमिकल मिलाकर की थी हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार

UP News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक निजी अस्पताल की महिला डॉक्टर की हत्या को आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया गया. पुलिस जांच में हत्या का खुलासा हुआ और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

UP News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. जहां एक निजी अस्पताल में काम करने वाली महिला डॉक्टर की हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई. शुरुआत में पुलिस भी इसे सुसाइड मान रही थी, लेकिन परिजनों के शक और जांच में सामने आए सबूतों ने पूरी कहानी बदल दी. पुलिस का दावा है कि महिला की हत्या ड्रिप में जहरीला रासायनिक पदार्थ मिलाकर की गई थी. इस मामले में अस्पताल कर्मचारी और महिला के कथित प्रेमी सुरेश के साथ उसके साथी फरहान को गिरफ्तार कर लिया गया है.

आत्महत्या लगा मामला, लेकिन जांच में खुला हत्या का राज

यह मामला मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, शनिवार को सूचना मिली थी कि एक महिला डॉक्टर ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल से सल्फर की गोलियां और एक सुसाइड नोट मिला था. पहली नजर में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन मृतका के परिजनों ने सुसाइड नोट की लिखावट पर सवाल उठाए और इसे हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की. इसी के बाद पुलिस ने हर पहलू से मामले की जांच शुरू की.

7-8 महीने से थे प्रेम संबंध

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अस्पताल कर्मचारी सुरेश और महिला डॉक्टर के बीच पिछले सात से आठ महीनों से प्रेम संबंध थे. पुलिस के अनुसार, महिला के पति की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी थी. पति की मौत के बाद वह अपने परिवार और बच्चे की जिम्मेदारी उठाने के लिए अस्पताल में नौकरी कर रही थीं. उधर, आरोपी सुरेश पहले से शादीशुदा है और उसका पांच साल का एक बेटा भी है. पुलिस का कहना है कि महिला डॉक्टर लगातार सुरेश पर शादी का दबाव बना रही थीं. इसी वजह से सुरेश उनसे पीछा छुड़ाना चाहता था और उसने अपने साथी फरहान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची.

ड्रिप लगाने के बहाने ऑपरेशन थिएटर ले गए

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन जब महिला डॉक्टर ने कमजोरी महसूस होने की बात कही, तो उन्हें ड्रिप लगाने के बहाने ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया. आरोप है कि वहीं ड्रिप में जहरीला रासायनिक पदार्थ मिलाकर उन्हें इंजेक्ट किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई. सीओ संग्राम सिंह के मुताबिक, अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी सुरेश और उसका साथी फरहान नजर आए हैं. फुटेज में सुरेश को ग्लव्स पहनकर कमरे से बाहर निकलते हुए भी देखा गया, जिससे पुलिस का शक और मजबूत हुआ.

हत्या को आत्महत्या दिखाने की रची साजिश

पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या साबित करने की कोशिश की. इसके लिए उन्होंने नोटपैड पर कथित तौर पर फर्जी सुसाइड नोट लिखा और उसे शव के पास रख दिया. साथ ही वहां सल्फर की गोलियां भी रख दी गईं, ताकि मामला जहर खाकर आत्महत्या का लगे और किसी को हत्या का शक न हो.

पूछताछ में कबूला जुर्म

सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि जब सुरेश और उसके साथी फरहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट, नोटपैड, रासायनिक पदार्थ का रैपर, कैनूला और मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. बरामद सभी सामानों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Also Read: पापा, माफ कर देना...' 50 से ज्यादा कोशिशों के बाद टूटा गोल्ड मेडलिस्ट का सपना, सुसाइड नोट पढ़कर रो पड़ा परिवार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Lucky Kumari

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >