Meerut Murder Case: मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के डाहर गांव में शुक्रवार रात एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई. दो बाइकों से पहुंचे चार हमलावरों ने रास्ते में 22 वर्षीय सालिम को घेरकर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए. आरोप है कि हमलावरों ने उसका गला भी रेता और इसके बाद सीने में गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल सालिम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
बाजार जाते समय घेरा, चाकू से किए कई वार
डाहर गांव निवासी शहजाद मजदूरी करते हैं. उनके परिवार में पत्नी जाहिदा, तीन बेटे और एक बेटी हैं. सबसे बड़ा बेटा सालिम था, जिसकी करीब डेढ़ साल पहले शादी हुई थी. उसके परिवार में पत्नी रानी और एक साल की बेटी है. शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे सालिम घर से बाजार जाने के लिए निकला था. इसी दौरान रास्ते में दो बाइकों पर सवार चार हमलावरों ने उसे रोक लिया और चाकू से पेट व पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए. इसके बाद उसका गला रेता गया और सड़क पर गिरने के बाद एक हमलावर ने सीने में गोली मार दी.
गोली चलने के बाद जुटे ग्रामीण, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो हमलावर वहां से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे. कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई. आक्रोशित लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए और प्रत्यक्षदर्शियों व ग्रामीणों से पूछताछ की. एसपी देहात अभिजीत कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया.
ईद पर हुई मारपीट की रंजिश में हत्या का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि ईद के मौके पर सालिम का गांव के ही शहजाद और गुलजार से विवाद हुआ था. मामला मारपीट तक पहुंच गया था और सरूरपुर थाने में मुकदमा भी दर्ज हुआ था. पुलिस के मुताबिक, इसी पुरानी रंजिश में सालिम की हत्या की गई. पुलिस ने शहजाद और गुलजार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. हत्या के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई गई थीं, जिनमें स्वाट टीम भी शामिल थी. पुलिस के अनुसार, घटना के करीब दो घंटे के भीतर ही दो आरोपियों को पकड़ लिया गया.
