UP Politics: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का मंदिर बनाने का प्रस्ताव सामने आया है. अलीगढ़ में मायावती की प्रतिमा स्थापित कर ‘प्रेरणा मंदिर’ बनाने की तैयारी की जा रही है. हालांकि, मंदिर निर्माण का रास्ता अभी मायावती की लिखित अनुमति से होकर गुजरता है. अनुमति मिलने के बाद ही भूमि पूजन और निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
निजी जमीन पर मंदिर बनाने का प्रस्ताव
अलीगढ़ निवासी और आरटीआई कार्यकर्ता केशव देव गौतम ने मायावती को पत्र भेजकर अपनी निजी जमीन पर मंदिर बनाने की अनुमति मांगी है. प्रस्ताव के मुताबिक मंदिर का निर्माण निजी खर्च से किया जाएगा. इसमें सरकार या प्रशासन से किसी तरह की आर्थिक सहायता नहीं लेने की बात कही गयी है.
मायावती की प्रतिमा के साथ संघर्ष की गाथा भी
प्रस्तावित मंदिर में मायावती की प्रतिमा स्थापित करने के साथ उनके राजनीतिक और सामाजिक संघर्ष से जुड़ी जानकारी को भी प्रदर्शित करने की योजना बतायी गयी है. प्रस्ताव रखने वाले का कहना है कि यह स्थल राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र नहीं होगा, बल्कि मायावती के विचारों और संघर्ष से प्रेरणा लेने वाले लोगों के लिए प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा.
मायावती की अनुमति का इंतजार
मंदिर निर्माण को लेकर सबसे अहम कड़ी मायावती की सहमति है. प्रस्ताव रखने वाले केशव देव गौतम ने उनसे लिखित अनुमति और आशीर्वाद मांगा है. अनुमति मिलने के बाद भूमि पूजन की तारीख तय करने की बात कही गयी है.
अभी सिर्फ प्रस्ताव, मंदिर निर्माण शुरू नहीं
फिलहाल मंदिर का निर्माण शुरू नहीं हुआ है और भूमि पूजन की तारीख भी तय नहीं हुई है. ऐसे में अलीगढ़ में मायावती का मंदिर बनकर तैयार होने की बात कहना जल्दबाजी होगी. अभी यह पूरा मामला प्रस्ताव और अनुमति की प्रक्रिया तक सीमित है. मायावती की ओर से इस प्रस्ताव पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है.
यह भी पढ़ें: ॐ नरेंद्र मोदी नमः का जाप कर बोले कार्यकर्ता- अब होगा चमत्कार! UP के बलिया में अनोखा प्रदर्शन
