UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बहुजन समाज पार्टी में एक बार फिर नेतृत्व और अगली पीढ़ी को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है. बसपा प्रमुख मायावती ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए परिवारवाद को लेकर अपना रुख साफ किया. उन्होंने कहा कि उनके भाई आनंद कुमार के किसी भी बेटे को पार्टी में राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी.
भतीजों पर ‘नो एंट्री’, भतीजी को मिल सकता है मौका
मायावती ने कहा कि वह अपने भाई-बहनों और उनके परिवार के युवाओं को सांसद, विधायक, मंत्री या दूसरे राजनीतिक पदों से दूर रखती रही हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि आनंद कुमार के बेटों को बसपा में छोटे-बड़े किसी भी राजनीतिक पद पर काम करने का अवसर नहीं दिया जाएगा. हालांकि, उन्होंने अपनी भतीजी कुमारी दीपिका आनंद को लेकर दरवाजा खुला रखा है. मायावती के मुताबिक, भविष्य में आनंद कुमार को मदद की जरूरत होने पर दीपिका उनकी मदद कर सकती हैं. ईमानदारी, वफादारी और कार्यक्षमता के आधार पर उन्हें पार्टी में जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना भी जताई गई है.
क्या 2027 से पहले BSP को मिलेगा नया युवा चेहरा?
मायावती के इस ऐलान का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश पार्टी की अगली पीढ़ी को लेकर माना जा रहा है. उन्होंने कहा कि संगठन में महिला और पुरुष दोनों युवा चेहरों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए. साथ ही यूपी, उत्तराखंड और पंजाब के आगामी विधानसभा चुनावों में समाज के युवा चेहरों को प्राथमिकता देने की बात कही. मायावती ने यह भी कहा कि पार्टी में युवाओं को करीब 50 प्रतिशत तक संगठनात्मक भागीदारी देने की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है. Gen-Z और Gen-Alpha की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ने पर जोर देने की बात उन्होंने कही.
दीपिका तैयार नहीं हुईं तो किसे मिलेगी जिम्मेदारी?
मायावती ने अपने बयान में भविष्य का दूसरा विकल्प भी बताया है. अगर दीपिका आनंद पार्टी में जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार नहीं होती हैं, तो पार्टी की सहमति से किसी दलित समाज के मिशनरी कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है. यानी मायावती का संदेश साफ है—पार्टी में अगली पीढ़ी आएगी, लेकिन नेतृत्व का आधार सिर्फ पारिवारिक रिश्ता नहीं होगा.
आकाश आनंद प्रकरण के बीच आया नया ऐलान
मायावती का यह बयान ऐसे समय आया है जब आकाश आनंद को लेकर बसपा में लगातार बड़े फैसले हुए हैं. हाल में मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी की जिम्मेदारियों से मुक्त करने का ऐलान किया था. इसके बाद बसपा की अगली पीढ़ी और उत्तराधिकारी को लेकर चर्चाएं तेज हुईं. अब आनंद कुमार के बेटों को राजनीतिक जिम्मेदारी से दूर रखने और दीपिका आनंद के नाम की संभावित भूमिका का संकेत मिलने के बाद बसपा की भविष्य की रणनीति को लेकर नई बहस शुरू हो गई है.
‘परिवारवाद मुक्त’ BSP का संदेश
मायावती ने अपने पोस्ट में कांशीराम का जिक्र करते हुए कहा कि वह बसपा को परिवारवाद से मुक्त रखना चाहती हैं. उनका कहना है कि पार्टी में समाज के लोगों को आंदोलन से जोड़ना जरूरी है. 2027 के चुनाव से पहले मायावती का यह फैसला इसलिए भी अहम है क्योंकि बसपा लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपने पुराने जनाधार को फिर मजबूत करने की कोशिश कर रही है. अब देखना होगा कि युवाओं को संगठन में बड़ी हिस्सेदारी देने और परिवार के भीतर राजनीतिक जिम्मेदारियों पर रोक लगाने की यह रणनीति चुनावी मैदान में बसपा को कितना फायदा पहुंचाती है.
