UP News: लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर में सावन के दौरान उमड़ रही भीड़ के बीच चोरी की घटनाओं ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है. बुधवार को दर्शन-पूजन के दौरान एक महिला ने बैंक मैनेजर की पत्नी के गले से मंगलसूत्र महज छह सेकंड में दांत से काटकर चोरी कर लिया. महिला शिवलिंग पर जल चढ़ाती रहीं और उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी. चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. हैरानी की बात यह रही कि मंगलसूत्र काटने वाली महिला भी उनके साथ ही गर्भगृह से बाहर निकल गई.
भीड़ का फायदा उठाकर दिया घटना को अंजाम
जानकीपुरम निवासी आशुतोष पांडेय एचडीएफसी बैंक में ब्रांच मैनेजर हैं. उनकी पत्नी ममता पांडेय बुधवार दोपहर बुद्धेश्वर मंदिर में दर्शन करने पहुंची थीं. इसी दौरान पीछे से आई एक महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से मंगलसूत्र काट लिया. सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई. बैंक मैनेजर ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान करने में जुटी है. मंदिर में सावन के चारों बुधवार को श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच बाइक, मोबाइल, पर्स, मंगलसूत्र और सोने की चेन चोरी होने की शिकायतें सामने आई हैं.
गर्भगृह में भी चोरी, पर्स और चेन पर चोरों की नजर
आलमबाग निवासी राम जी की सोने की चेन भीड़ के बीच गायब हो गई. 12 अगस्त को दुबग्गा निवासी निशा ने गर्भगृह के अंदर से सोने की चेन चोरी होने की शिकायत की थी. सत्यम सिटी निवासी गणेश कुमार चौबे की चेन गर्भगृह के पास से गायब हुई. अजगैन निवासी सरोजनी देवी और बीकेटी निवासी सोनम पाल ने भी चेन चोरी की शिकायत की. मानकनगर आरडीएसओ निवासी वीरू मौर्य का मोबाइल दर्शन के दौरान चोरी हुआ, जबकि मानकनगर कनौसी निवासी आशा का 11 अगस्त को थैला काटकर पर्स चोरी कर लिया गया. उनके पर्स में करीब 1500 रुपये, जरूरी दस्तावेज और सोने का लॉकेट था. बुद्धेश्वर निवासी रागिनी चौरसिया और फतेहगंज निवासी ममता यादव ने भी पर्स चोरी की शिकायत की है.
पर्स से हजारों रुपये गायब, मंदिर के बाहर से बाइक भी चोरी
हिन्द नगर निवासी अतुल पाल के पर्स से करीब 4300 रुपये और तकरोही-इंदिरानगर निवासी माधुरी के पर्स से करीब 3000 रुपये चोरी होने की जानकारी सामने आई. मायापुरम, पारा निवासी मुस्कान रावत का पर्स भी चोरी हुआ. इससे पहले पांच अगस्त को राजाजीपुरम निवासी रश्मि मिश्रा के सोने के लॉकेट और चेन चोरी होने की शिकायत सामने आई थी. वहीं, मुन्नू खेड़ा निवासी प्रभु दयाल 26 अगस्त को बुद्धेश्वर मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी पैशन प्रो बाइक मंदिर के बाहर से चोरी हो गई. लगातार सामने आ रही चोरी की शिकायतों के बीच श्रद्धालुओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
