UP News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर एक बड़ा हादसा टल गया. पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के छोटी रूधौली के पास लखनऊ से गोरखपुर जा रही रोडवेज बस में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. बस में सवार करीब 20 यात्रियों को चालक और परिचालक की सतर्कता से समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे सभी की जान बच गई.
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चारबाग डिपो की रोडवेज बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. आग के कारण कुछ देर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया.
आग लगने के कारणों की जांच जारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस से धुआं निकलता देख चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है.
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें
