मैनपुरी के इस अनोखे 'मुन्ना' की तलाश में परेशान हुआ पूरा गांव! गायब होते ही मची खलबली, जानिए पूरा मामला

UP News: मैनपुरी में एक भैंसे की तलाश में पूरा गांव जुटा हुआ है. तीन साल पहले चंदा जुटाकर खरीदे गए 'मुन्ना' के गायब होने से ग्रामीण परेशान हैं. चारे में नशीला पदार्थ देकर भैंसे को बेचने का आरोप है.

UP News: मैनपुरी में इन दिनों एक भैंसे की तलाश को लेकर पूरा गांव परेशान है. गांव वालों का कहना है कि उनका प्यारा 'मुन्ना' तीन दिन से गायब है. उसकी बरामदगी के लिए ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मुन्ना को चारे में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया गया और फिर उसे 1.20 लाख रुपये में बेच दिया गया.

तीन साल पहले चंदा जुटाकर खरीदा था मुन्ना

ग्रामीण राजेंद्र सिंह के मुताबिक, करीब तीन साल पहले गांव के लोगों ने मिलकर चंदा जुटाया था. इसी पैसे से हरियाणा के रोहतक से एक भैंसा खरीदा गया और उसे गांव लाया गया. ग्रामीणों ने प्यार से उसका नाम 'मुन्ना' रख दिया.

कुछ दिन घर पर रखा, फिर गांव में खुला छोड़ दिया

मुन्ना को खरीदकर लाने के बाद राजेंद्र सिंह ने कुछ दिनों तक उसे अपने यहां रखा. इसके बाद उसे गांव में ही खुला छोड़ दिया गया. धीरे-धीरे मुन्ना पूरे गांव का चहेता बन गया और ग्रामीण उसकी देखभाल करते रहे.

चारे में नशीला पदार्थ खिलाने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि गत दो सितंबर को पड़ोस के गांव के कुछ अराजकतत्वों ने मुन्ना को चारे में नशीला पदार्थ खिला दिया. इसके बाद वह बेहोश हो गया और आरोप है कि उसे 1.20 लाख रुपये में बेच दिया गया. इसके बाद से मुन्ना का कोई पता नहीं है. ग्रामीणों ने काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली.

एसपी कार्यालय पहुंचकर मांगी मदद

मुन्ना की तलाश में परेशान ग्रामीण सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे. उन्होंने शिकायती पत्र देकर भैंसे को सकुशल बरामद कराने और मामले में कार्रवाई की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि मुन्ना उनके लिए सिर्फ एक भैंसा नहीं, बल्कि गांव की साझा धरोहर जैसा है.

तीन दिन का समय, बुधवार तक वापसी की उम्मीद

मामले को लेकर ग्रामीणों और दूसरे गांव के लोगों के बीच बातचीत भी हुई. दूसरे पक्ष की ओर से मुन्ना को तीन दिन के भीतर वापस कराने की बात कही गई. ग्रामीणों ने साफ कहा है कि अगर बुधवार तक मुन्ना सकुशल वापस नहीं आया तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे.

मुन्ना की तलाश में अब पुलिस पर टिकी नजर

ग्रामीणों की शिकायत और दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के बाद अब सभी की नजर मुन्ना की बरामदगी पर है. ग्रामीण चाहते हैं कि पुलिस मामले की जांच कर उनके चहेते भैंसे को जल्द वापस दिलाए.

Also Read: यूपी सरकार का बड़ा तोहफा: अब गांवों में भी सस्ते में होंगी शादियां! 71 विधानसभाओं में बनेंगे मैरिज हॉल जैसे 'उत्सव भवन'

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By लक्की कुमारी

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >