यूपी पुलिस में अब कांस्टेबल के 53 हजार पदों पर होगी भर्ती, जानें कब शुरू होंगे आवेदन और लिखित परीक्षा की डिटेल

यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पदों पर भर्ती के लिए किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. उम्मीदवारों का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा लिखित परीक्षा, शारीरिक मापदंड परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर किया जाएगा.

UP Police Recruitment: यूपी पुलिस में भर्ती को लेकर लंबे समय से तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बेहद अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) अब करीब 53 हजार पदों के लिए जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा. इससे पहले पुलिस कांस्टेबल के करीब 40 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया की तैया​री चल रही थी. लेकिन, अब इसे बढ़ाकर 52,699 पदों के लिए कर दिया गया है.

इस संबंध में लिखित परीक्षा और भर्ती से संबंधित अन्य कार्यों के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की निविदा 15 जुलाई तक प्रकाशित करने की संभावना है. यूपी पुलिस में ये अब तक की सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रिया होगी. पहली बार एक साथ इतने पदों पर युवाओं को यूपी पुलिस से जुड़ने का मौका मिलेगा. बताया जा रहा है कि संस्था का चयन होने के बाद तेजी से प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा. इस वर्ष के अंत तक लिखित परीक्षा करा दी जाएगी. जल्द ही इस संबंध में पूरी जानकारी दी जाएगी.

यूपी पुलिस में इससे पहले करीब 40 हजार पदों पर भर्ती होनी थी. लेकिन, कार्यदायी संस्था का चयन नहीं होने की वजह से इस संबंध में अब तक प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है. बताया जा रहा है कि अब दो कंपनियों ने भर्ती परीक्षा कराने में रुचि दिखाई है. इसके बाद 52,699 कांस्टेबल के पदों पर की सीधी भर्ती कराने का निर्णय किया गया है.

Also Read: लोकसभा चुनाव 2024: यूपी में भाजपा सांसदों को टिकट के लिए देनी होगी अग्निपरीक्षा, फार्म में मांगी गई जानकारी

इससे पहले नवंबर 2022 में कांस्टेबल के 35,757 पदों पर सीधी भर्ती के लिए कार्यदायी संस्था का चयन करने की निविदा जारी हुई थी. इसमें केवल टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने ही हिस्सा लिया. इकलौती संस्था के ही आगे आने की वजह से निविदा को निरस्त करना पड़ा.

अब दो कंपनियों के आगे आने से यूपी पुलिस में अभी तक की सबसे बड़ी भर्ती का रास्ता साफ हो गया है. माना जा रहा है कि इसमें करीब 25 लाख अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. इन भर्तियों को लेकर अभ्यर्थी जल्द ही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर पूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं.

इस भर्ती में आयु सीमा की बात करें तो पुरुषों में सामान्य वर्ग के 18-22, ओबीसी में 18-28 और एससी-एसटी में 18-28 उम्र के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे. जबकि महिलाओं में सामान्य वर्ग के लिए 18-25, ओबीसी के लिए 18-31 और एसटी के लिए 18-31 उम्र की सीमा है. आरक्षित जाति में ओबीसी, एससी, एसटी के अभ्यर्थियों को पांच वर्ष का आरक्षण भी दिया जाएगा.

भर्ती बोर्ड के नियमों के मुताबिक पुलिस कांस्टेबल भर्ती में सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी. इनमें सामान्य जानकारी, सामान्य हिंदी, न्यूमेरिकल और मानसिक अभियोगिता-आईक्यू रीजनिंग योग्यता की 76-76 अंकों की कुल चार परीक्षाएं होंगी. इनमें सामान्य जानकारी और न्यूमेरिकल योग्यता की परीक्षा 38-38 अंकों और सामान्य हिंदी व मानसिक अभियोगिता-आईक्यू रीजनिंग का एग्जाम 37-37 अंकों का होगा. सभी परीक्षाएं दो घंटे की होंगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay Singh

working in media since 2003. specialization in political stories, documentary script, feature writing.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >