CM योगी का प्रदेशवासियों को संदेश, बोले- शिक्षक ज्ञान का दीप, अब AI से बदलेगी पढ़ाई की तस्वीर ...

सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शिक्षा के महत्व पर पत्र लिखा है. उन्होंने बताया कि कैसे शिक्षक समाज का निर्माण करते हैं और AI व डिजिटल साक्षरता भविष्य के लिए क्यों जरूरी हैं.

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम लिखे पत्र में शिक्षा और साक्षरता को लेकर अपने विचार साझा किए हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के भविष्य को बेहतर बनाने में शिक्षा की बड़ी भूमिका होती है. शिक्षक केवल बच्चों को विषयों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन और सही दिशा भी दिखाते हैं. सीएम योगी ने बदलते दौर में डिजिटल लिटरेसी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की जानकारी को भी जरूरी बताया.

शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की अहम कड़ी

मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें 81 शिक्षकों को सम्मानित करने का अवसर मिला. उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को समाज और देश के निर्माण से जोड़ा. उनके अनुसार शिक्षक बच्चों के भीतर जिज्ञासा और आत्मविश्वास विकसित करते हैं. वे विद्यार्थियों को सही और गलत के बीच अंतर समझने में भी मदद करते हैं. सीएम योगी ने शिक्षक की तुलना उस दीपक से की, जो ज्ञान का प्रकाश फैलाता है. उन्होंने भारतीय गुरुकुल परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि पहले शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं थी. बच्चों को जीवन मूल्यों, जिम्मेदारियों और अनुशासन की सीख भी दी जाती थी.

AI और डिजिटल शिक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक तेजी से बदल रही है. ऐसे में डिजिटल साक्षरता अब समय की जरूरत है. AI, डीप-टेक और दूसरी नई तकनीक युवाओं के लिए रोजगार और अवसरों के नए रास्ते खोल रही हैं. इसका प्रभाव शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और रोजगार जैसे क्षेत्रों पर भी पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि सरकार पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान और तकनीक से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है. लखनऊ में AI City और कानपुर में ड्रोन एवं UAV तकनीक के विकास को इसी प्रयास का हिस्सा बताया गया है.

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर सरकार का फोकस

सीएम योगी ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए चल रही योजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने के साथ ऑपरेशन कायाकल्प और मिशन प्रेरणा जैसी योजनाओं पर जोर दिए जाने की बात कही. मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और रोजगारपरक कौशल से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की दर कम करने में सफलता मिली है. अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास जारी है. उन्होंने 8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के संदर्भ में कहा कि साक्षरता का लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता. इसके लिए समाज की भागीदारी भी जरूरी है.

हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प

सीएम योगी ने अपने पत्र में शिक्षा को लेकर सरकार का लक्ष्य भी सामने रखा. उन्होंने कहा कि हर बच्चा स्कूल पहुंचे और हर विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले. युवाओं को कौशल और नए विचारों से जोड़ने के साथ हर नागरिक को डिजिटल तकनीक और AI की बुनियादी जानकारी से परिचित कराने पर भी जोर दिया जाना चाहिए.

Also Read: नोएडा के 600 किसानों की जीत, सुप्रीम कोर्ट के आदेश से 90 दिनों में खातों में आएगा बढ़ा हुआ मुआवजा, खत्म हुआ 35 साल का इंतज़ार...

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजली कश्यप

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >