UP Crime News: लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भावाखेड़ा गांव के पास हाईवे किनारे माइनर में एक लकड़ी का बक्सा पड़ा मिला. ग्रामीणों को बक्से पर संदेह हुआ तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बक्सा खुलवाया तो अंदर एक युवक का शव बरामद हुआ. शव की पहचान अभी नहीं हो सकी है.
करीब 32 से 34 साल बताई जा रही मृतक की उम्र
सूचना के बाद मोहनलालगंज के प्रभारी निरीक्षक रामबाबू पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस के मुताबिक, शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और मृतक की उम्र लगभग 32 से 34 वर्ष के बीच है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.
हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने की आशंका
जिस तरह युवक का शव लकड़ी के बक्से में बंद मिला है, उससे पुलिस को आशंका है कि उसकी हत्या के बाद शव को किसी दूसरे स्थान से लाकर बक्से में रखा गया और फिर माइनर में फेंक दिया गया. हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है. मामले की जांच के साथ युवक की पहचान और मौत की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
CCTV और फोरेंसिक जांच से सुराग तलाश रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बक्सा वहां कब और किसने पहुंचाया. साथ ही आसपास के गांवों में लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है.
मोहनलालगंज-निगोहां सीमा को लेकर कुछ देर उलझन
शव मिलने के बाद घटनास्थल किस थाने की सीमा में आता है, इसे लेकर मोहनलालगंज और निगोहां पुलिस के बीच कुछ देर असमंजस की स्थिति रही. दोनों पक्ष मौके को अपने-अपने थाना क्षेत्र से बाहर बता रहे थे. इसके बाद लेखपाल को बुलाकर घटनास्थल की पैमाइश कराई गई. सीमा स्पष्ट होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की.
