28 साल की लड़की, 55 साल का प्रेमी, प्रेमिका की हत्या कर शव ठिकाने लगाने निकला, राहगीरों ने खोल दी पोल

राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. 55 साल के एक व्यक्ति ने अपनी 28 साल की लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने निकला, लेकिन राहगीरों की वजह से उसका प्लान फेल हो गया.

Lucknow Murder Case : राजधानी लखनऊ के मानकनगर इलाके से दहला देने वाली वारदात सामने आयी है. यहां 55 साल के एक व्यक्ति ने अपनी 28 साल की लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी शव को अपने ई-रिक्शे में लादकर नहर में फेंकने पहुंचा, लेकिन राहगीरों को देखकर शव फुटपाथ पर ही छोड़कर भाग गया.

राहगीरों को देख शव फुटपाथ पर छोड़ भागा

पुलिस के मुताबिक, 55 साल के धीरज कुमार सोनकर ने अपनी 28 साल की लिव-इन पार्टनर पूजा उर्फ परवीन की हत्या कर दी. आरोप है कि धीरज ने पूजा के ही दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया. इसके बाद शव को ई-रिक्शे में रखकर ठिकाने लगाने निकल पड़ा.आरोपी डीआरएम पुलिया के पास पहुंचा और शव को नहर में फेंकने की तैयारी करने लगा. तभी कुछ राहगीर उधर से आते दिखाई दिये. धीरज घबरा गया और शव को नहर में फेंकने का फैसला छोड़ दिया. वह लाश को फुटपाथ पर छोड़कर ई-रिक्शा लेकर भाग गया.

50 हजार रुपये को लेकर हुआ था विवाद

कहानी 30 अगस्त की रात से शुरू होती है. पुलिस पूछताछ में धीरज ने बताया कि वह पूजा को पिछले चार-पांच साल से जानता था. दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे. पूजा अक्सर स्लीपर ग्राउंड स्थित उसके ठिकाने पर आती थी और उसके साथ रहती थी. 30 अगस्त की रात भी दोनों साथ थे. इसी दौरान पूजा ने धीरज से 50 हजार रुपये मांगे. धीरज ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं. उसने बताया कि हाल ही में कर्ज लेकर ई-रिक्शा खरीदा है और इसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गयी थी. 50 हजार रुपये को लेकर दोनों में बहस होने लगी. विवाद बढ़ता गया और रात से सुबह हो गयी.

गुस्से में दुपट्टे से घोंट दिया गला

सुबह करीब 3 से 4 बजे पूजा घर जाने की जिद करने लगी. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसने धीरज को अंजाम भुगतने की धमकी भी दी. धीरज का दावा है कि इसी बात पर उसका गुस्सा बेकाबू हो गया. उसने पूजा का दुपट्टा उठाया और उसका गला कस दिया. इतना कस दिया कि पूजा की सांसें थम गयीं.

शव ठिकाने लगाने के लिए की रास्ते की रेकी

हत्या के बाद धीरज के सामने शव को ठिकाने लगाने की चुनौती थी. पुलिस के मुताबिक, उसने पहले रास्ते की रेकी की. उसकी कोशिश थी कि ऐसा रास्ता चुना जाए, जहां सीसीटीवी कैमरे कम हों और कोई उसे देख न सके. रास्ता तय करने के बाद शव को ई-रिक्शे में लादा और उसे लेकर निकल पड़ा. उसका इरादा शव को नहर में फेंकने का था.

पिता की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

पूजा के पिता मुन्ना लाल मियां उर्फ टिंचू इस्लाम ने मानकनगर थाने में शिकायत दर्ज करायी. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या उसके साथ लिव-इन में रहने वाले धीरज कुमार सोनकर ने की है और शव को नहर के पास फेंका गया है. शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गयी. मानकनगर थाना प्रभारी अजीत कुमार ने जांच शुरू की. पुलिस ने अलग-अलग सुरागों को जोड़ते हुए आरोपी की तलाश शुरू की.

तीन घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आलमबाग के शांतिपुरम स्थित घर से धीरज सोनकर को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी वारदात के करीब तीन घंटे के भीतर हुई. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वह ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया, जिसका इस्तेमाल शव को ले जाने के लिए किया गया था. पूछताछ में धीरज ने अपना जुर्म कबूल करने की बात कही.

कोर्ट ने भेजा जेल

पुलिस के मुताबिक, 50 हजार रुपये को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया. हत्या के बाद आरोपी ने सीसीटीवी से बचने के लिए रास्ता चुना, शव को ई-रिक्शे में लादा और नहर में फेंकने पहुंच गया. लेकिन राहगीरों की आहट से डरकर शव को फुटपाथ पर छोड़कर भाग गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.

Also Read : ऑपरेशन सिंदूर के हीरो बने राम मंदिर के पहले CEO, जानिए क्यों चुने गये जितेंद्र मिश्र

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >