Lucknow Suicide Case : लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में एक गेस्ट हाउस के कमरे में युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई. दोनों करीब 20 दिनों से गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में ठहरे हुए थे. पुलिस के अनुसार, दोनों ने फांसी लगाकर जान दी है. घटनास्थल से आर्य समाज मंदिर का मैरिज सर्टिफिकेट और सुसाइड नोट बरामद हुआ है.
23 अगस्त से कमरा नंबर 101 में ठहरे थे दोनों
पुलिस के मुताबिक, हरदोई निवासी 22 वर्षीय अमित और 19 वर्षीय नरगिस 23 अगस्त से चिनहट के एक गेस्ट हाउस में रह रहे थे. दोनों कमरा नंबर 101 में ठहरे थे. करीब 20 दिन बाद 9 सितंबर की रात गेस्ट हाउस संचालक ने पुलिस को कमरे में युवक-युवती के फांसी लगाने की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के अनुसार, दोनों कमरे में छत के पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे फंदे पर मिले. दोनों को नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हरदोई के रहने वाले थे युवक-युवती
पुलिस की शुरुआती जांच में युवक की पहचान हरदोई जिले के अरवलपुर, हरपालपुर निवासी 22 वर्षीय अमित के रूप में हुई. अमित के पिता का नाम ओम प्रकाश है. वहीं, युवती की पहचान हरदोई के पालिया पंचशाला निवासी 19 वर्षीय नरगिस के रूप में हुई है. दोनों के परिवार को उनके लखनऊ में रहने की जानकारी नहीं थी. पुलिस जब परिजनों तक पहुंची तो मामले में एक और जानकारी सामने आई.
युवती के संबंध में हरदोई में दर्ज था अपहरण का केस
पुलिस के मुताबिक, युवती के संबंध में हरदोई के एक थाने में अपहरण का मामला दर्ज था. दोनों के घर से चले जाने के बाद परिवार को उनके बारे में कोई जानकारी नहीं थी. अब पुलिस इस जानकारी को भी पूरे घटनाक्रम की जांच से जोड़कर देख रही है.
कमरे से मिला आर्य समाज मंदिर का मैरिज सर्टिफिकेट
जांच के दौरान पुलिस को कमरा नंबर 101 से आर्य समाज मंदिर का मैरिज सर्टिफिकेट मिला. इसमें अमित और नरगिस की शादी का उल्लेख है. पुलिस के अनुसार, प्रमाणपत्र में युवती का नाम नरगिस उर्फ पूजा दर्ज है. पुलिस ने मैरिज सर्टिफिकेट को कब्जे में लेकर उससे जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है.
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
डीसीपी ईस्ट दीक्षा शर्मा के मुताबिक, 9 सितंबर की रात चिनहट थाना क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में युवक और युवती के सुसाइड की सूचना मिली थी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटनास्थल पर FSL टीम ने जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है.
अगर आपके मन में खुदकुशी का ख्याल आए
अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में खुदकुशी का ख्याल आता है, तो इसे गंभीर स्थिति मानते हुए तुरंत मदद लें. भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 और टेली-मानस हेल्पलाइन 1800914416 पर संपर्क किया जा सकता है. विशेषज्ञों से परामर्श लेते समय आपकी पहचान गोपनीय रखी जाती है.
Also Read : जिसे बेटी कहकर बुलाया, उसी पर बुरी नजर, पिता ने किया अपने नाबालिक बेटी के साथ दुष्कर्म
