UP Crime News: राजधानी लखनऊ के इटौंजा क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. एक गांव में सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया. आरोप है कि वारदात के दौरान आरोपी ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और विरोध करने पर बेरहमी से पिटाई भी की.
शौच के लिए निकली थी महिला, रास्ते में आरोपी ने बनाया निशाना
परिजनों के मुताबिक, बुजुर्ग महिला रात में शौच के लिए घर से बाहर गई थीं. इसी दौरान एक युवक ने उन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया और कथित तौर पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. पीड़िता ने किसी तरह खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और घायल अवस्था में घिसटते हुए घर पहुंचीं.
घर पहुंचकर बेटे को बताई पूरी घटना, अस्पताल में भर्ती
घर पहुंचने के बाद बुजुर्ग महिला ने अपने बेटे को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को इलाज के लिए बख्शी का तालाब स्थित राम सागर मिश्र अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
बेटे का आरोप- मुंह में कपड़ा ठूंसकर की गई पिटाई
पीड़िता के बेटे ने आरोप लगाया कि आरोपी ने वारदात के दौरान उनकी मां के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आई हैं. घटना के बाद परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश जारी
इटौंजा थाना प्रभारी सोबरन सिंह ने बताया कि पीड़िता के बेटे की तहरीर के आधार पर दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है.
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है.
यह भी पढ़ें: राम मंदिर दान मामला: आरोपी की पत्नी को नोटिस, सीलिंग की...
