लखनऊ में 13 फीट दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाश, परिवार को रॉड से पीटा और लूटा

UP News: लखनऊ के इंदिरानगर में देर रात बदमाशों ने एक किराना व्यापारी के घर में घुसकर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. 13 फीट ऊंची दीवार फांदकर आए इन हमलावरों ने परिवार पर लोहे की रॉड और लाठियों से बेरहमी से पिटाई की.

UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बदमाशों ने एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है. इंदिरानगर इलाके में देर रात करीब दो बजे बदमाश 13 फीट ऊंची दीवार फांदकर एक किराना व्यापारी के घर में घुस गए. लूट के इरादे से आए बदमाशों ने घर में मौजूद व्यापारी, उनकी पत्नी और बेटी पर लोहे की रॉड और लाठियों से हमला कर दिया. हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद बदमाश घर से नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. गंभीर रूप से घायल परिवार के तीनों सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

रात दो बजे दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए बदमाश

मामला लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र के अमराई गांव स्थित बजरंग चौराहे के पास का है. यहां किराना व्यापारी उमेश चंद्र अपने परिवार के साथ रहते हैं. शुक्रवार देर रात करीब दो बजे कुछ बदमाश गमछे और रस्सी की मदद से 13 फीट ऊंची दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए. बदमाश सीधे उस कमरे में पहुंचे, जहां व्यापारी की बेटी सीमा सो रही थी. बदमाशों की आहट से सीमा की नींद खुल गई. उसने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया.

बेटी की चीख सुनकर पहुंचे पिता, बदमाशों ने किया हमला

पीड़ित परिवार के बेटे दीपक के मुताबिक, उसकी बहन सीमा दो दिन पहले ही घर आई थी. शुक्रवार रात वह अलमारी वाले कमरे में सो रही थी, जबकि माता-पिता दूसरे कमरे में थे. दीपक ने बताया कि बदमाशों ने सीमा के सिर और चेहरे पर लोहे की रॉड से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. बेटी की चीख सुनकर पिता उमेश चंद्र मौके पर पहुंचे तो बदमाशों ने उन पर भी हमला कर दिया. आरोप है कि बदमाशों ने व्यापारी के सिर पर रॉड से 25 से ज्यादा वार किए. घायल होने के बावजूद उमेश चंद्र करीब एक घंटे तक बदमाशों से मुकाबला करते रहे.

पत्नी को भी पीटा, फिर अलमारी खंगालकर ले गए सामान

बदमाशों ने व्यापारी की पत्नी शांति देवी को भी नहीं छोड़ा. आरोप है कि उन पर लाठी और रॉड से हमला किया गया. जब तीनों लोग गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए तो बदमाशों ने घर की अलमारी खंगाली और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए. डॉक्टरों के अनुसार, हमले में उमेश चंद्र के सिर पर करीब 50 टांके आए हैं, जबकि उनकी पत्नी शांति देवी को करीब 40 टांके लगे हैं.

पुलिस की पहुंच में देरी का आरोप, दो पुलिसकर्मी निलंबित

घटना की जानकारी मिलने के बाद डीसीपी ईस्ट डॉ. दीक्षा शर्मा और अपर पुलिस उपायुक्त अमोल मुर्कुट भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस चौकी महज दो किलोमीटर दूर होने के बावजूद सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची. मामले में लापरवाही सामने आने के बाद डीसीपी ने कार्रवाई करते हुए नाइट अफसर के रूप में तैनात दारोगा नागेंद्र कुमार और महिला कॉन्स्टेबल दिव्या को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. जांच में सामने आया कि महिला कॉन्स्टेबल को पीआरवी के जरिए घटना की सूचना मिल गई थी, लेकिन उसने समय पर दूसरी टीम को अलर्ट नहीं किया.

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, बदमाशों की तलाश तेज

डीसीपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Also Read: कानपुर में बीच सड़क महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा, होमगार्ड की वर्दी पकड़कर थप्पड़-लात से की पिटाई, Video Viral


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >