UP Farmers Subsidy: कुशीनगर के किसानों के लिए रबी सीजन से पहले राहत की खबर है. गेहूं समेत सात फसलों के बीज अनुदान पर मिलेंगे. किसान ऑनलाइन बुकिंग कर इस योजना का लाभ ले सकेंगे. चयन ई-लॉटरी के जरिए होगा.
ऑनलाइन बुकिंग के बाद ई-लॉटरी से होगा चयन
कृषि विभाग की ओर से रबी सत्र 2026 के लिए किसानों को गेहूं, चना, मटर, मसूर, जौ, सरसों और अलसी के बीज उपलब्ध कराने की तैयारी है. इन फसलों के निःशुल्क बीज मिनीकिट भी दिए जाएंगे. सामान्य वितरण कार्यक्रम के तहत बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है.
कृषि विभाग के पोर्टल पर करना होगा आवेदन
जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान कृषि विभाग के विभागीय पोर्टल agridarshan.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. किसान संबंधित फसल के बीज का चयन कर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे.
ई-लॉटरी के बाद मिलेगा बीज
ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा. चयनित किसानों को रबी फसलों के बीज वितरित किए जाएंगे. विभाग ने किसानों से ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके.
