घर में मंदिर के पास अचानक बनी मजार, फिर पत्नी पर बुर्के का दबाव... कानपुर में दलित परिवार के आरोप से मचा बवाल

UP News: कानपुर के गुजैनी में एक दलित परिवार ने घर में मंदिर के पास कथित मजार बनाने और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है. मारपीट और बुर्का पहनाने के बाद मामला थाने पहुंचा.

UP News: कानपुर के गुजैनी में एक घर के अंदर मंदिर के पास बनी कथित मजार को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया है. दलित परिवार ने दूसरे पक्ष पर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने, पत्नी को बुर्का पहनाने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. मामला बढ़ने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहुंच गए. पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, कार्रवाई में लापरवाही के आरोप में एक दरोगा को निलंबित किया गया है.

40 हजार में खरीदी जमीन, फिर घर में बना लिया कमरा

मामला कानपुर के गुजैनी इलाके के वरुण बिहार का है. पीड़ित सोनू जाटव मूल रूप से जालौन का रहने वाला बताया जा रहा है. सोनू के मुताबिक, करीब दो साल पहले उसने शिबू खान से 40 हजार रुपये में जमीन खरीदी थी. इसके बाद उसने वहां कमरा बनवाया और पत्नी व बच्चों के साथ रहने लगा. पीड़ित का कहना है कि घर बनाने के कुछ समय बाद उसके बच्चे बीमार रहने लगे. इसी दौरान शिबू खान और उसके साथियों ने उसे कई तरह की बातें समझानी शुरू कीं.

मंदिर के पास मजार बनाने का आरोप

सोनू का आरोप है कि इसी दौरान उसके घर के कमरे में बने छोटे मंदिर के ठीक बगल में एक मजार बना दी गई. शुरुआत में उसने इसका विरोध नहीं किया. लेकिन बाद में जब उसने मजार हटाने की बात कही तो कथित तौर पर उसे धमकाया गया. पीड़ित के मुताबिक, उससे कहा गया कि मजार हटाने पर विवाद बढ़ सकता है. साथ ही उस पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया.

पत्नी को बुर्का पहनाने का भी आरोप

सोनू का आरोप है कि दबाव सिर्फ धर्म परिवर्तन तक सीमित नहीं था. उसकी पत्नी रीता पर भी बुर्का पहनने का दबाव बनाया जाने लगा. परिवार ने इसका विरोध किया. इसके बाद विवाद लगातार बढ़ता गया. सोनू ने जब मजार हटाने की बात दोबारा कही तो मामला और बिगड़ गया. पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उसके परिवार पर हमला किया गया.

सोमवार रात घर में घुसकर मारपीट का आरोप

सोनू के मुताबिक, सोमवार रात शिबू खान और उसके साथी उसके घर पहुंचे. यहां विवाद के बाद मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि सोनू, उसकी पत्नी और तीन बच्चों के साथ मारपीट की गई. अचानक हुए विवाद से परिवार में अफरा-तफरी मच गई.इसके बाद सोनू शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचा.

मजार मत तोड़ना, बड़ा बवाल हो जाएगा'... दरोगा पर गंभीर आरोप

सोनू का आरोप है कि चौकी इंचार्ज और थाने में मौजूद दरोगा ने उसकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने के बजाय उसे मामला शांत रखने की सलाह दी. पीड़ित के मुताबिक, उससे कहा गया कि मजार मत तोड़ना. ऐसा करने पर बड़ा विवाद हो सकता है. सोनू का आरोप है कि पुलिस से कार्रवाई नहीं मिलने के बाद उसने हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को मामले की जानकारी दी.

थाने पहुंचे हिंदू संगठन, बढ़ गया दबाव

मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठन और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिवार से पूरी जानकारी ली और घर में बनी कथित मजार को देखा. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए. कार्यकर्ता थाने पहुंचे और हंगामा किया. पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच काफी देर तक बहस हुई. मामला बढ़ता देख वरिष्ठ अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा. इसके बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया.

एक गिरफ्तार, चार संदिग्ध हिरासत में

पीड़ित सोनू की शिकायत पर समीम खान, वसीम, रीबू, शिबू, फुरखान, सोहेल खान और सुमित समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने शिबू को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं चार अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. DCP दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, FIR दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. चार अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है.

पुलिसकर्मी पर कार्रवाई, दरोगा निलंबित

मामले में पुलिसकर्मी की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है. अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई में लापरवाही सामने आने के बाद एक दरोगा को निलंबित कर दिया गया है. वहीं चौकी इंचार्ज की भूमिका की जांच के निर्देश दिए गए हैं.

जन्माष्टमी पर चादर चढ़ाने का भी दावा

सोनू ने जन्माष्टमी के दिन की एक घटना का भी जिक्र किया है. उसका दावा है कि जब उसके घर में भगवान कृष्ण की पूजा हो रही थी, उसी दौरान शिबू अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा. पीड़ित का आरोप है कि विरोध के बावजूद मजार पर चादर चढ़ाई गई. इसके बाद मंदिर और मजार को लेकर विवाद और बढ़ गया. सोनू का कहना है कि उसने कई बार मजार हटाने की बात कही. लेकिन उसे विरोध और धमकी का सामना करना पड़ा. बाद में उसने खुद मजार को तोड़कर अलग कर दिया.

अब पुलिस के सामने कई सवाल

पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है. सबसे पहले यह पता लगाया जा रहा है कि घर के अंदर कथित मजार कब बनाई गई और इसे किसने बनाया. इसके अलावा मजार के निर्माण में किन लोगों की भूमिका थी, इसकी भी जांच की जा रही है. परिवार पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोपों की भी जांच होगी. पत्नी को बुर्का पहनाने के आरोप को लेकर भी पुलिस तथ्य जुटा रही है. जन्माष्टमी पर चादर चढ़ाने और परिवार के साथ मारपीट की घटना को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है.

इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात

घटना के बाद गुजैनी के वरुण बिहार इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है. कच्ची बस्ती में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है. पुलिस दोनों पक्षों से जानकारी जुटा रही है. स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और चार संदिग्धों से पूछताछ जारी है. धर्मांतरण, बुर्का पहनाने और मजार से जुड़े आरोपों की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह साफ होगी.

Also Read: 5 लाख की रिश्वत मांगना पड़ा भारी, UP में कस्बा इंचार्ज सस्पेंड, सिपाही लाइन हाजिर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By खुशी सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >