UP News: कानपुर से लखनऊ जाने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है. जहां शहर के करीब होकर भी अब तक सीधे कनेक्ट न हो पाने वाला लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे जल्द ही कानपुर से जुड़ सकता है. इसके लिए जमीन पर सर्वे कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है. अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो शहर से एक्सप्रेसवे तक पहुंच काफी आसान हो जाएगी और करीब 6 किलोमीटर की दूरी का यह अंतर भी खत्म हो जाएगा.
सांसद ने केंद्रीय मंत्री के सामने उठाया था मुद्दा
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को कानपुर शहर से सीधे जोड़ने की मांग लंबे समय से की जा रही थी. इसी को लेकर सांसद रमेश अवस्थी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी. उन्होंने बताया था कि एक्सप्रेसवे शहर की सीमा से करीब छह किलोमीटर दूर है, लेकिन सीधी कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण कानपुर के लोगों को इसका पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा है. सांसद की मांग पर केंद्रीय मंत्री ने मंत्रालय के अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद मंत्रालय और एनएचएआई के अधिकारियों को मौके पर जमीनी स्थिति की पड़ताल करने की जिम्मेदारी दी गई है.
संभावित रास्तों का होगा सर्वे
एनएचएआई अब एक्सप्रेसवे को कानपुर शहर से जोड़ने के लिए संभावित कनेक्टिविटी मार्गों का सर्वे करेगी. इस दौरान जमीन की उपलब्धता, मौजूदा सड़कों की स्थिति, यातायात का दबाव और जरूरी तकनीकी पहलुओं को देखा जाएगा. सर्वे से यह तय करने में मदद मिलेगी कि एक्सप्रेसवे को शहर से जोड़ने के लिए कौन सा रास्ता सबसे बेहतर और तकनीकी रूप से व्यवहारिक रहेगा.
सर्वे के बाद तैयार होगी डीपीआर
जमीनी सर्वे पूरा होने के बाद इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार की जाएगी. इसमें संभावित मार्ग के साथ कनेक्टिविटी की तकनीकी व्यवहार्यता और निर्माण के लिए जरूरी ढांचे का पूरा अध्ययन शामिल होगा. इसके बाद तैयार प्रस्ताव को मंजूरी के लिए संबंधित स्तर पर भेजा जाएगा. मंजूरी मिलने और काम आगे बढ़ने के बाद कानपुर शहर से लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे तक सीधी पहुंच बन सकेगी.
लखनऊ आने-जाने वालों को भी मिलेगा फायदा
एक्सप्रेसवे के सीधे शहर से जुड़ने पर कानपुर के लोगों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है. शहर से एक्सप्रेसवे तक पहुंच आसान होगी और लखनऊ की तरफ आने-जाने वाले वाहन चालकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा. फिलहाल सबसे पहले सर्वे और डीपीआर की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है.
Also Read: लखनऊ के कुकरैल में बनेगा UP का पहला स्नेक वेनम सेंटर: सर्पदंश से मौतों को रोकने की ऐतिहासिक पहल
