कानपुर में 5600 करोड़ की साइबर लूट का खुलासा, हैदराबाद से गिरोह के दो शातिर गिरफ्तार, आरोपियों ने बना रखी थीं 76 फर्जी कंपनियां

कानपुर पुलिस ने 5600 करोड़ रुपये की अब तक की सबसे बड़ी डिजिटल ठगी का पर्दाफाश किया है. दो साइबर अपराधियों ने देश भर में यह जाल फैलाया था. पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है.

Kanpur Cyber Fraud: कानपुर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी डिजिटल ठगी का पर्दाफाश किया है. चमनगंज और बेकनगंज के दो साइबर अपराधियों ने मिलकर पूरे देश में करीब 5600 करोड़ रुपये का फ्रॉड किया है, इस गैंग के दो मुख्य सदस्यों को साइबर क्राइम टीम ने हैदराबाद से गिरफ्तार किया है. साइबर क्राइम टीम ने इस रैकेट के सरगना बेकनगंज के तलाक महल निवासी शाहवेज वारिस को हैदराबाद में ट्रेस किया. कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद उसे 48 घंटे के अंदर कानपुर लाया गया. उसकी निशानदेही पर ही दूसरा आरोपी चमनगंज निवासी सलमान भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया. पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया.

आरोपियों ने बना रखी थीं 76 फर्जी कंपनियां

जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी ऑनलाइन गेमिंग, आईपीएल में सट्टा, शेयर मार्केट में निवेश का लालच और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों से ठगी करते थे. कम समय में पैसा कई गुना करने का झांसा देकर लोगों से उनके बैंक खातों में रकम मंगवाई जाती थी. ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने 76 फर्जी कंपनियां बना रखी थीं. इन फर्मों के नाम पर खोले गए बैंक अकाउंट्स के जरिए पैसों को इधर-उधर घुमाया जाता था.

NCRP पोर्टल पर 86 शिकायतें

पुलिस के मुताबिक नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दोनों के खिलाफ कुल 86 शिकायतें दर्ज हैं. अकेले शाहवेज वारिस के 11 बैंक खातों में 170 करोड़ रुपये की ठगी की शिकायतें हैं, जबकि सलमान के 2 खातों पर 16 करोड़ से ज्यादा के फ्रॉड की 32 शिकायतें मिली है.

केस दर्ज होते ही दुबई भाग गया था आरोपी

जांच में ये भी सामने आया कि शाहवेज के खिलाफ 18 अगस्त को केस दर्ज हुआ तो वह लुकआउट नोटिस जारी होने से पहले ही दुबई फरार हो गया था. वह 21 अगस्त को लौटा और 24 अगस्त को फिर लुकआउट नोटिस जारी हुआ तो 25 अगस्त को दोबारा दुबई भाग गया. परसों जब वह हैदराबाद एयरपोर्ट पर उतरा तो वहीं से उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इससे पहले इस गैंग के दो अन्य सदस्य जाजमऊ का चांद सिद्दीकी और बेकनगंज का अमान खान 24 अगस्त को पकड़े जा चुके हैं. उनके खातों में भी 33.82 करोड़ और 559 करोड़ के लेनदेन मिले थे. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के दुबई कनेक्शन और अन्य साथियों की तलाश कर रही है.

यह भी पढ़ें: बलिया की रागिनी से मिले अखिलेश यादव, दो लाख रुपये की मदद के साथ इलाज और पढ़ाई का दिया भरोसा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >