मथुरा में भारी वाहनों की नो एंट्री, दिल्ली-नोएडा में भी ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले जान लें रूट

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर दिल्ली, नोएडा और मथुरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है.

Janmashtami Traffic Advisory : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर दिल्ली, नोएडा और मथुरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. मथुरा में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी.

दिल्ली में जन्माष्टमी यात्रा के कारण बदलेगा ट्रैफिक

दिल्ली में जन्माष्टमी के मौके पर निकलने वाली यात्रा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है. जन्माष्टमी यात्रा पुलिस स्टेशन सब्जी मंडी से शुरू होकर मल्कागंज चौक, रोशनआरा रोड, स्पार्क्स मॉल, सत्यवती मार्ग, शक्तिनगर चौक, जीटी करनाल रोड और घंटाघर चौक से होते हुए वापस सब्जी मंडी पहुंचेगी. ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को शाम 5:30 बजे के बाद इन मार्गों पर जाने से बचने की सलाह दी है.

दिल्ली पुलिस ने वाहन चालकों को दी ये सलाह

पुलिस ने लोगों से यात्रा शुरू करने से पहले अपने रूट की योजना बनाने और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की अपील की है. लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गयी है. सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर भी रोक रहेगी. ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि इमरजेंसी वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा.

नोएडा में इस्कॉन मंदिर के आसपास डायवर्जन

जन्माष्टमी को देखते हुए नोएडा सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर के आसपास भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. एनटीपीसी अंडरपास से गिझौड़ चौक और फिर एनटीपीसी की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. गिझौड़ से अट्टा अंडरपास की ओर जाने वाले वाहनों को होशियारपुर और समरविला तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा.

श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था

इस्कॉन मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एडोबी बिल्डिंग के पास पार्किंग की व्यवस्था की गयी है. वहीं वीवीआईपी वाहनों की पार्किंग शिल्प हाट में निर्धारित की गयी है. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि मंदिर के आसपास जाम की स्थिति न बने.

मथुरा में 5 सितंबर तक भारी वाहनों की नो एंट्री

भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगायी गयी है. यह व्यवस्था 5 सितंबर की सुबह 9 बजे तक लागू रहेगी. मथुरा-वृंदावन के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा. श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा.

इन प्रमुख चौराहों से वाहनों की एंट्री रहेगी बंद

श्रीकृष्ण जन्मभूमि क्षेत्र में भूतेश्वर तिराहा, मसानी चौराहा, डीग गेट, गोकरण तिराहा, चौक बाजार, भरतपुर गेट, कृष्णापुरी, स्टेट बैंक चौराहा और महाविद्या कॉलोनी समेत कई स्थानों से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. वहीं गोवर्धन चौराहा और मंडी चौराहा से भूतेश्वर की ओर भारी वाहन, रोडवेज बस और ट्रैक्टर नहीं जा सकेंगे.

रोडवेज बसों के लिए भी बदला गया रूट

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रोडवेज बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है. बसों को औद्योगिक क्षेत्र और जयगुरुदेव आश्रम होते हुए मालगोदाम मार्ग से संचालित किया जाएगा. इसके अलावा मसानी चौराहा से जन्मभूमि और चौक बाजार की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी. जन्माष्टमी पर मथुरा जाने वाले श्रद्धालुओं को प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की सलाह दी गयी है.

Also Read : जिस बेटे को पाल-पोसकर जवान किया, उसी ने मां की गला घोंटकर ले ली जान, जाने पूरी खबर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >