यात्रियों के लिए खुशखबरी. धार्मिक यात्रा का शानदार हवाई पैकेज, अब चित्रकूट से प्रतापगढ़ तक बिना ट्रेन बदले सफर

IRCTC ने यात्रियों के लिए एक विशेष 5-दिवसीय हवाई टूर पैकेज की घोषणा की है, जिसमें दो ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ महेश्वर, मांडू और इंदौर की यात्रा शामिल है. यह यात्रा 20 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक लखनऊ से आयोजित की जाएगी.

UP News: घूमने और धार्मिक यात्रा का प्लान बना रहे यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. आईआरसीटीसी ने दो ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ महेश्वर, मांडू और इंदौर घूमने के लिए खास हवाई टूर पैकेज घोषित किया है. वहीं, रेलवे ने चित्रकूट से प्रतापगढ़ के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए दो एक्सप्रेस ट्रेनों के विलय को मंजूरी दे दी है. इससे यात्रियों को सफर में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है.

IRCTC का 5 दिन का खास हवाई टूर पैकेज

यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ ने “दो ज्योतिर्लिंग के साथ महेश्वर, मांडू और इंदौर” नाम से चार रात और पांच दिन का विशेष हवाई टूर पैकेज घोषित किया है. यह यात्रा 20 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी. इस पैकेज में यात्रियों को लखनऊ से इंदौर आने-जाने की सुविधा फ्लाइट से मिलेगी. ठहरने के लिए तीन सितारा होटल की व्यवस्था की गई है.

इन धार्मिक और पर्यटन स्थलों का कराया जाएगा भ्रमण

टूर के दौरान श्रद्धालुओं को उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर, चिंतामन गणेश, हरसिद्धि मंदिर और मंगलनाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे. इसके अलावा पैकेज में ओंकारेश्वर मंदिर, महेश्वर का अहिल्याबाई किला और नर्मदा घाट, मांडू का जहाज महल और इंदौर का पितृ पर्वत भी शामिल है.पैकेज की बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी. यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिए बुकिंग करा सकते हैं.

चित्रकूट से प्रतापगढ़ तक अब सीधे चलेगी ट्रेन

दूसरी ओर, बुंदेलखंड और अवध के यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से भी राहत की खबर है. चित्रकूट, प्रतापगढ़ और लखनऊ जाने वाले यात्रियों का सफर अब आसान होने वाला है. रेलवे बोर्ड ने कानपुर-चित्रकूट और कानपुर-प्रतापगढ़ के बीच चलने वाली दो अलग-अलग एक्सप्रेस ट्रेनों के विलय को मंजूरी दे दी है. इसके बाद नई विलय की गई ट्रेन 14123/14124 ‘मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-चित्रकूटधाम कर्वी एक्सप्रेस’ के रूप में बिना रुके सीधे चलेगी.

कानपुर में ट्रेन बदलने की परेशानी होगी खत्म

अब तक चित्रकूट, बांदा या अतर्रा से लखनऊ और प्रतापगढ़ जाने वाले यात्रियों को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर उतरकर दूसरी ट्रेन का इंतजार करना पड़ता था. खासकर छोटे बच्चों और भारी सामान के साथ यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने में काफी परेशानी होती थी. नई व्यवस्था के बाद यात्रियों को इस परेशानी से राहत मिलेगी और चित्रकूट से प्रतापगढ़ तक सीधा सफर संभव हो सकेगा. इससे बुंदेलखंड और अवध क्षेत्र के लाखों यात्रियों, तीर्थयात्रियों और नौकरीपेशा लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है.

Also Read: यूपी पुलिस भर्ती में अपडेट: 17 अगस्त से दस्तावेज जांच और शारीरिक परीक्षा शुरू, अभ्यर्थी अभी एडमिट कार्ड डाउनलोड करें


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >