सैकड़ों किलोमीटर का सफर, अधूरी रह गई मुलाकात... प्रेमिका नहीं मिली, दुकान में लटका मिला प्रेमी का शव

UP News: इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और मिलने की चाहत युवक को अंबेडकर नगर से फतेहपुर ले आई. लेकिन प्रेमिका से मुलाकात अधूरी रह गई और युवक का शव दुकान में फंदे से लटका मिला. यह आत्महत्या है या कोई गहरा राज, पुलिस जांच में जुटी है.

UP News: इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का ऐसा अंत होगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. करीब एक साल तक मोबाइल पर घंटों बातें होती रहीं, रिश्ता दोस्ती से प्यार तक पहुंच गया. आखिरकार युवक ने अपनी प्रेमिका से मिलने का फैसला किया और अंबेडकर नगर से फतेहपुर पहुंच गया. लेकिन जिस मुलाकात के सपने लेकर वह आया था, वह कभी पूरी नहीं हो सकी. प्रेमिका घर पर नहीं थी और कुछ ही घंटों बाद युवक का शव उसके परिजनों की दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला. अब सवाल यही है कि यह आत्महत्या है या फिर इस मौत के पीछे कोई और राज छिपा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर प्यार में बदला रिश्ता

मृतक की पहचान मोहम्मद अकमल के रूप में हुई है, जो अंबेडकर नगर जिले के पहाड़पुर गांव का रहने वाला था. पुलिस के मुताबिक, करीब एक साल पहले उसकी पहचान फतेहपुर के बकेवर थाना क्षेत्र के सकूराबाद गांव की एक युवती से इंस्टाग्राम पर हुई थी. शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन समय के साथ यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई. दोनों अक्सर फोन पर बात करते थे और लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे.

मुलाकात की चाह में पहुंचा फतेहपुर, लेकिन प्रेमिका नहीं मिली

करीब एक साल तक चले इस रिश्ते के बाद अकमल ने अपनी प्रेमिका से मिलने का फैसला किया. वह अंबेडकर नगर से सीधे फतेहपुर पहुंच गया. उसे उम्मीद थी कि लंबे समय बाद दोनों आमने-सामने मिलेंगे, लेकिन गांव पहुंचने पर पता चला कि युवती इन दिनों अपने मामा के घर बांदा गई हुई है. यहीं से पूरी कहानी ने अप्रत्याशित मोड़ ले लिया.

परिजनों ने भाई से कराई बात, युवक को लौटने की दी सलाह

पुलिस के अनुसार, युवक के गांव पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद युवती के परिजनों ने अकमल के भाई को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद अकमल से भी फोन पर बात कराई गई और उसे समझाया गया कि वह वापस अपने घर लौट जाए. लेकिन पुलिस का कहना है कि इसके बावजूद वह वहां से नहीं गया और गांव में ही इधर-उधर घूमता रहा.

दुकान में बंद किया गया, कुछ देर बाद मिला शव

युवती के परिजनों का कहना है कि बाद में अकमल को पकड़कर एक दुकान के अंदर बंद कर दिया गया. कुछ समय बाद जब दुकान खोली गई तो अंदर उसका शव पंखे की हुक से लटका मिला. इस घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अब हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है.

आत्महत्या या फिर कोई और वजह? हर पहलू की जांच जारी

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दुकान के अंदर ऐसा क्या हुआ, जिससे युवक की मौत हो गई. क्या उसने खुद फंदा लगाया या फिर इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है? फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा.

एडिशनल एसपी ने क्या बताया?

एडिशनल एसपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि मोहम्मद अकमल का सकूराबाद गांव की युवती से करीब एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती थी. युवती फिलहाल अपने मामा के घर गई हुई थी. इसी दौरान अकमल उसके घर पहुंच गया. परिजनों ने युवक के भाई से फोन पर बात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और अकमल को भी वापस लौटने के लिए समझाया, लेकिन वह वहां से नहीं गया. उन्होंने बताया कि परिजनों के मुताबिक बाद में अकमल को एक दुकान के अंदर बंद किया गया, जहां कुछ देर बाद उसका शव पंखे की हुक से लटका मिला. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह साफ हो पाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है.

Input: Lucky Kumari

Also Read: सात महीने भी नहीं चले सात फेरे, पति ने निगला जहर और पत्नी ने लगाई फांसी , झांसी मे प्रेम कहानी का खौफनाक अंत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >