शादी, अफेयर और FIR... IIT कानपुर के दो प्रोफेसरों का विवाद पहुंचा पुलिस तक

UP News: IIT कानपुर में पढ़ाने वाले प्रोफेसर पर उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है. पत्नी का आरोप है कि उन्हें घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीड़न और मारपीट का सामना करना पड़ा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

UP News: IIT कानपुर से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा में है. यहां एक प्रोफेसर के खिलाफ उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पत्नी का आरोप है कि उन्हें घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीड़न, मारपीट और वैवाहिक क्रूरता का सामना करना पड़ा. शिकायत करने वाली महिला भी IIT कानपुर में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. हालांकि, इस मामले में आरोपी प्रोफेसर की ओर से अभी कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

पति-पत्नी दोनों IIT कानपुर में हैं फैकल्टी

जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता महिला की शादी IIT कानपुर के प्रोफेसर से दिसंबर 2012 में हुई थी. दोनों ही संस्थान में फैकल्टी पद पर कार्यरत हैं और उनके दो बच्चे भी हैं. महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि पिछले कुछ महीनों से वह और उनके बच्चे लगातार तनाव और डर के माहौल में रह रहे हैं. उन्होंने कानपुर के कल्याणपुर थाने में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

पति पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप

एफआईआर में महिला ने अपने पति पर वैवाहिक संबंधों के बाहर रिश्ते होने का भी आरोप लगाया है. शिकायत के मुताबिक, साल 2022 में उनके पति का अपनी अधीनस्थ एक शादीशुदा पीएचडी छात्रा के साथ अफेयर था. इसके अलावा महिला ने आरोप लगाया है कि नवंबर 2025 से उनके पति के एक अन्य महिला प्रोफेसर के साथ भी संबंध हैं. पत्नी का कहना है कि जब उन्होंने इन बातों को लेकर सवाल उठाए तो पति का व्यवहार और ज्यादा आक्रामक हो गया.

सवाल करने पर दबाव बनाने का आरोप

महिला का आरोप है कि पति की ओर से उन पर कथित रिश्ते को स्वीकार करने और चुप रहने का दबाव बनाया गया. शिकायत में उन्होंने कई घटनाओं का जिक्र करते हुए पति के व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला के मुताबिक, 11 नवंबर 2025 को उनके पति ने घर में तोड़फोड़ की. उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान घरेलू सामान और बच्चों की किताबें फेंकी गईं. शिकायत में यह भी कहा गया है कि रसोई के चाकू से डराने की कोशिश की गई.

मारपीट और चोट लगने का लगाया आरोप

शिकायत में 15 जनवरी 2026 की एक घटना का भी जिक्र किया गया है. महिला का आरोप है कि कथित संबंधों का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें उनकी आंख, कान और सिर में चोट आई. उन्होंने पुलिस को अपनी चोटों की तस्वीरें भी उपलब्ध कराई हैं.

घर में जबरन घुसने की कोशिश का आरोप

एफआईआर में महिला ने आरोप लगाया है कि 5 जुलाई 2026 को आरोपी प्रोफेसर ने उनकी इच्छा के खिलाफ घर में प्रवेश करने की कोशिश की. विवाद बढ़ने पर सुरक्षा कर्मियों को बुलाना पड़ा. महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि घर में लगे CCTV कैमरों के जरिए उनकी और बच्चों की लगातार निगरानी की जाती थी.

पुलिस को सौंपे दस्तावेज, जांच जारी

शिकायतकर्ता ने पुलिस को चोटों की तस्वीरें, CCTV से जुड़े दस्तावेज, सुरक्षा विभाग को भेजे गए ईमेल और IIT कानपुर पुलिस चौकी सहित अन्य अधिकारियों को दी गई शिकायतों की प्रतियां भी सौंपी हैं. महिला ने पुलिस से खुद और बच्चों की सुरक्षा की मांग की है. साथ ही आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की अपील की है. फिलहाल कानपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी. वहीं, आरोपी प्रोफेसर की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

Also Read: गोली वाले बयान पर कंगना को शर्म आनी चाहिए, रायबरेली में भड़कीं सपा विधायक रागिनी सोनकर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >