UP Crime: उत्तर प्रदेश के रामपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आयी है. बिलासपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की कथित तौर पर करंट लगाकर हत्या कर दी गयी. मृतका के परिजनों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी पति इसरार उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मृतका नसरीन की शादी वर्ष 2013 में इसरार से हुई थी. दंपती के चार बेटियां और एक बेटा है. परिजनों का आरोप है कि नसरीन के मायके से मिली जमीन को बेचकर रुपये देने के लिए पति उस पर लगातार दबाव बना रहा था. बच्चों के भविष्य को देखते हुए नसरीन जमीन बेचने को तैयार नहीं थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था.
पोस्टमार्टम में मिले करंट के निशान
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर कई जगह जलने और चोट के निशान मिले हैं. करीब छह स्थानों पर इलेक्ट्रिक शॉक से जुड़ी चोटों की पुष्टि हुई है. निजी अंग पर भी करंट लगाये जाने के निशान मिले हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.
परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
मृतका की बहन हसीन जहां ने आरोप लगाया कि नसरीन को पहले भी प्रताड़ित किया जाता था. उनके मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले नसरीन के चेहरे पर चोट के निशान भी थे, लेकिन उसने परिवार को पूरी बात नहीं बतायी थी. परिजनों ने मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस बोली- सभी पहलुओं की जांच जारी
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के मुताबिक, मृतका के परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. संपत्ति विवाद समेत हत्या के पीछे बताये जा रहे अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि विवेचना पूरी होने के बाद घटना की वास्तविक वजह और अन्य आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होगी.
यह भी पढ़ें: प्रयागराज में बारिश का कहर, जॉर्जटाउन बना टापू: करेली में 63 लोगों का रेस्क्यू, 49 बच्चे भी शामिल
