UP Crime: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के मुबारकपुर कुदुरतुल्ला गांव स्थित बाजार में सोमवार शाम रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात हुई. शांतिभंग के मामले में जमानत पर छूटकर आए पति ने बीच बाजार अपनी पत्नी का चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी खून से सना चाकू लेकर किराये के मकान पहुंचा, छह महीने की बेटी को गोद में उठाया और फिर घटनास्थल पर लौटकर खड़ा हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया.
बीच बाजार दौड़ाकर पत्नी का रेता गला
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे की है. जमानत पर छूटने के बाद हनी राम घर पहुंचा और पत्नी कुसुम विश्वकर्मा से विवाद करने लगा. कुछ ही देर बाद वह चाकू लेकर उसके पीछे दौड़ा. जान बचाने के लिए कुसुम करीब 100 मीटर तक भागी, लेकिन बीच बाजार आरोपी ने उसे पकड़ लिया और गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. लोगों के पहुंचने तक महिला की मौत हो चुकी थी.
हत्या के बाद छह महीने की बेटी को गोद में उठाया
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी सीधे अपने किराये के मकान पहुंचा, जहां उसकी छह महीने की बेटी सो रही थी. उसने बच्ची को गोद में उठाया और फिर घटनास्थल पर लौट आया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को खून से सने चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया.
छेड़छाड़ के मामले में सुबह गया था जेल, शाम को ली पत्नी की जान
पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई को एक महिला ने हनी राम पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था. शिकायत के बाद पुलिस ने उसे शांतिभंग की कार्रवाई में जेल भेज दिया था. सोमवार शाम जमानत मिलने के बाद वह घर लौटा और कुछ ही देर में पत्नी की हत्या कर दी.
प्रेम विवाह का हुआ दर्दनाक अंत
जांच में सामने आया कि कुसुम विश्वकर्मा ने पहले पति से अलग होने के बाद वर्ष 2022 में हनी राम से प्रेम संबंध बनाए थे. बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज की और छह महीने की बेटी के साथ मुबारकपुर कुदुरतुल्ला गांव के बाजार में किराये के मकान में रहने लगे. कुसुम वहीं ब्यूटी पार्लर चलाती थी, जबकि हनी राम ऑर्केस्ट्रा का संचालन करता था.
खून से लाल हुआ बाजार, दहशत में लोग
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई. सड़क पर फैला खून और चीख-पुकार देखकर लोग सहम गए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
यह भी पढ़े: राजभवन से रेल तक! पहली बार ट्रेन से बलिया आने की तैयारी में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
