UP News: हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र के बडेरा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गन्ने के खेत में किसानों को करीब 15 फीट लंबा विशालकाय अजगर दिखाई दिया. अजगर ने एक सियार को अपने शिकंजे में जकड़ रखा था. करीब 50 किलो वजनी इस अजगर को देखकर खेत में मौजूद लोगों के होश उड़ गए. किसी ने भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटाई और तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई.
घनी गन्ने की फसल के बीच छिपा था अजगर
बताया गया कि सुबह किसान खेत में काम करने पहुंचे थे. इसी दौरान गन्ने की घनी फसल के बीच उनकी नजर अजगर पर पड़ी. अजगर सियार को पूरी तरह जकड़े हुए था. विशाल सांप को देखकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन खतरे को देखते हुए सभी दूरी बनाकर खड़े रहे. इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से संपर्क कर रेस्क्यू की मदद मांगी.
वन विभाग और सर्प मित्र ने शुरू किया रेस्क्यू
सूचना मिलने के बाद कछौना वन रेंज के रेंजर विनय सिंह जादौन टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उनके साथ सर्प मित्र कुलदीप भी मौजूद रहे. टीम ने गन्ने के खेत में सावधानीपूर्वक अजगर की तलाश शुरू की. मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी, जिसे वन विभाग की टीम ने सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी.
करीब 15 फीट लंबा और 50 किलो था अजगर
कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग और सर्प मित्र ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया. रेंजर विनय सिंह जादौन के मुताबिक, अजगर की लंबाई करीब 15 फीट और वजन लगभग 50 किलोग्राम था. रेस्क्यू के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि अजगर को किसी तरह की चोट न पहुंचे.
कछौना रेंज कार्यालय लाने के बाद गोमती किनारे छोड़ा
रेस्क्यू के बाद अजगर को कछौना वन रेंज कार्यालय लाया गया. इसके बाद शाम के समय उसे प्राकृतिक आवास के अनुकूल गोमती नदी के किनारे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया. विशालकाय अजगर के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. घटना के दौरान खेत के आसपास काफी देर तक लोगों में अजगर को लेकर चर्चा बनी रही. यह भी देखें: पहले शराब पिलाई, फिर कार से बांधकर 1 KM घसीटा! मरा समझकर छोड़ भागा, हरदोई में दोस्त का खौफनाक वारदात, पहुंचे परिजन तो उड़ गए होश
