Ghaziabad News: गाजियाबाद में अब घर की छतों का इस्तेमाल सिर्फ कपड़े सुखाने या सामान रखने के लिए नहीं होगा. उद्यान विभाग शहर के 400 घरों की छतों पर किचन गार्डन विकसित करने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए चयनित लोगों को बीज, जैविक खाद समेत जरूरी सामग्री निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी. इस पहल के जरिए लोग अपनी छत पर ही मौसम के अनुसार जैविक सब्जियां और फल उगा सकेंगे. बढ़ते प्रदूषण और बाजार में मिलने वाली सब्जियों की गुणवत्ता को लेकर बनी चिंता के बीच विभाग की यह योजना लोगों के लिए उपयोगी मानी जा रही है.
100 वर्ग फीट या उससे बड़ी छत होना जरूरी
किचन गार्डन के लिए आवेदक के घर की छत का क्षेत्रफल कम से कम 100 वर्ग फीट होना जरूरी है. उपलब्ध जगह के अनुसार छत पर किचन गार्डन विकसित किया जाएगा. चयनित परिवारों को विभाग की ओर से बीज, जैविक खाद और गार्डन तैयार करने के लिए जरूरी सामग्री निशुल्क दी जाएगी. इससे घर की खाली छत को छोटी बगिया में बदला जा सकेगा और परिवार के लोग अपनी जरूरत के मुताबिक सब्जियां व फल उगा सकेंगे.
टमाटर, मिर्च, पालक से लेकर लौकी-भिंडी तक उगा सकेंगे
किचन गार्डन में मौसम के अनुसार टमाटर, मिर्च, धनिया, पालक, लौकी और भिंडी जैसी रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली सब्जियां उगाई जा सकेंगी. इसके अलावा उपलब्ध स्थान के अनुसार फलदार पौधे भी लगाए जा सकते हैं. घर की छत पर जैविक तरीके से तैयार सब्जियां मिलने से परिवार को ताजी उपज मिल सकेगी. साथ ही, लगातार बढ़ते कंक्रीट के विस्तार के बीच छतों पर हरियाली बढ़ाने में भी यह योजना मददगार हो सकती है.
ऐसे करें आवेदन, हार्ड कॉपी जमा करना भी जरूरी
योजना का लाभ लेने के इच्छुक लोग उद्यान विभाग के पोर्टल dbt.uphorticulture.in और up-dbt.uphorticulture.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने के बाद सभी जरूरी दस्तावेजों की हार्ड कॉपी जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा. आवेदन के लिए दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज देने होंगे. जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह के अनुसार, शुरुआत में शहरी क्षेत्र के 400 घरों की छतों पर किचन गार्डन स्थापित किए जाएंगे. इससे लोगों को ऑर्गेनिक फल और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली सब्जियां घर पर ही मिल सकेंगी.
Must Read- हरिद्वार में बवाल: सहारनपुर से आए युवकों में खूनी झड़प, अधेड़ को सड़क पर पीटा और उतारे कपड़े
