स्कूल बना सजा का मैदान! फिरोजाबाद में टीचर पर छात्र की आंख फोड़ने और बड़े भाई को घायल करने का आरोप

UP News: फिरोजाबाद के एक निजी स्कूल में बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. एक छात्र की आंख में पेंसिल मारने और दूसरे को गंभीर चोट पहुंचाने का मामला सामने आया है.

UP News: उत्तर प्रदेश के स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. वाराणसी में 5 साल के बच्चे के साथ हुई कथित मारपीट की घटना के बाद अब फिरोजाबाद से भी एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक निजी स्कूल की टीचर पर आरोप लगा है कि उन्होंने LKG में पढ़ने वाले 4 साल के मासूम की आंख में पेंसिल मार दी, जिससे उसकी आंख में गंभीर चोट आई. वहीं, उसी परिवार के दूसरे बच्चे के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया गया है, जिसमें उसके कान का पर्दा फटने की बात कही जा रही है. मामला फिरोजाबाद के कोटला रोड स्थित मदर प्राइड इंटरनेशनल स्कूल का बताया जा रहा है. पीड़ित परिवार ने स्कूल की टीचर और प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले में स्कूल डायरेक्टर, मैनेजर और दो शिक्षिकाओं के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

क्लास में पढ़ाई के दौरान पेंसिल लगने का आरोप

जानकारी के मुताबिक, श्रीराम कॉलोनी निवासी मनोज कुमार का 4 साल का बेटा अनमोल मदर प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में LKG का छात्र है. पिता का आरोप है कि 6 जुलाई को क्लास में पढ़ाई के दौरान टीचर काजल ने अनमोल की आंख में पेंसिल मार दी. परिवार का कहना है कि पेंसिल लगने से बच्चे की आंख में गंभीर चोट आई और उसकी हालत बिगड़ गई. इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए दिल्ली के एम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां 12 जुलाई को उसकी आंख का ऑपरेशन किया गया.

बड़े बेटे के साथ भी मारपीट का आरोप

पीड़ित पिता का आरोप है कि जब वह अपने छोटे बेटे के इलाज के बाद दिल्ली से वापस लौटे तो उन्हें पता चला कि उनके 5 साल के बड़े बेटे आर्यन के साथ भी स्कूल में मारपीट की गई थी. परिवार का दावा है कि स्कूल की एक अन्य टीचर योगेंद्री ने बच्चे के साथ मारपीट की, जिससे उसके कान का पर्दा फट गया. इस घटना के बाद परिवार ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की और सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की.

स्कूल प्रबंधन पर धमकी देने का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने स्कूल प्रशासन से मामले की शिकायत की और घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज मांगे तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद बच्चे के पिता ने फिरोजाबाद के उत्तर थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्कूल के डायरेक्टर, मैनेजर विश्वनाथ शर्मा और टीचर काजल व योगेंद्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.

पुलिस ने शुरू की जांच

फिरोजाबाद पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. सीओ सिटी संतोष सिंह ने बताया कि पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. स्कूल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज मांगे गए हैं और स्कूल स्टाफ व दोनों बच्चों के बयान दर्ज किए जाएंगे. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह मामला बच्चों की सुरक्षा और स्कूलों में अनुशासन के नाम पर होने वाले व्यवहार को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है.

Also Read: इश्क में 850 KM पार! 20 साल छोटे प्रेमी के लिए तीन बच्चों को छोड़ लखीमपुर पहुंची महिला


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >